मालदा मंडलः आरपीएफ ने चोरी के मोबाइल, अवैध शराब और पिस्तौल के साथ आरोपियों को किया गिरफ्तार

मालदा, 19 अप्रैल . यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने और रेलवे संपत्ति की मजबूत सुरक्षा के लिए पूर्व रेलवे के अंतर्गत मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा 17 और 18 अप्रैल को जंगीपुर रोड, भागलपुर, साहिबगंज एवं बड़हरवा सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान अवैध शराब, चोरी के मोबाइल और अवैध हथियार के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया.

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के अंतर्गत, दिनांक 17 अप्रैल को जंगीपुर रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान आरपीएफ को प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर एक नाबालिग बच्चा संदिग्ध अवस्था में अकेले घूमता हुआ मिला. पूछताछ में पता चला कि 14 वर्षीय बालक बिना परिजनों को सूचना दिए यात्रा कर रहा था. आवश्यक औपचारिकताओं एवं चिकित्सीय परीक्षण के बाद बालक को सुरक्षित रूप से जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन को आगे की देखभाल एवं पुनर्वास के लिए सुपुर्द किया गया.

ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत 17 अप्रैल को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर एक खोया हुआ मोबाइल फोन साइबर सेल आरपीएफ की सहायता से आवश्यक सत्यापन के बाद मालिक को वापस किया गया. 18 अप्रैल को जंगीपुर रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13115 अप हमसफर एक्सप्रेस से एक लावारिस बैग बरामद किया गया. बैग में व्यक्तिगत सामान, दस्तावेज एवं नकदी थी. सत्यापन के बाद बैग को उसके मालिक को लौटा दिया गया.

अपराध-विरोधी अभियान के तहत भागलपुर रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया. 17 अप्रैल को ट्रेन संख्या 13235 साहिबगंज–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जांच के दौरान एक व्यक्ति को देशी पिस्तौल एवं छह खाली कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया. 18 अप्रैल को भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच के दौरान एक व्यक्ति से 75 बोतल अवैध शराब बरामद की गई. कुल शराब की मात्रा 37.500 लीटर और अनुमानित मूल्य 23,150 रुपये था. जब्त शराब को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सुपुर्द किया गया.

वहीं, आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा द्वारा 18 अप्रैल को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर गश्ती के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 के निकट एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया. तलाशी में उसके पास से तीन चोरी के मोबाइल फोन और एक व्यक्तिगत मोबाइल फोन बरामद किया गया. प्रारंभिक पूछताछ में उसने साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड के बीच यात्रियों से मोबाइल चोरी कर उन्हें तीनपहाड़ स्टेशन पर बेचने की योजना स्वीकार की. बरामद मोबाइलों में एक सैमसंग एंड्रॉयड तथा दो एप्पल आईफोन शामिल थे, जिनका कुल अनुमानित मूल्य 2 लाख 25 हजार 999 रुपये है. आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद जीआरपी बड़हरवा को सुपुर्द किया गया.

ओपी/एएस

Leave a Comment