
Mumbai , 20 फरवरी . मशहूर गायक कुमार सानू ने मनोरंजन जगत में कई यादगार गाने गाए हैं और दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई है, लेकिन गायक ने इस बार फैंस को सरप्राइज दिया है. उन्होंने रैपर और सिंगर किंग के साथ मिलकर नया गाना ‘मजा प्यार करने में’ रिलीज किया है.
यह गाना किंग के नए एल्बम राजा हिंदुस्तानी का ही हिस्सा है. यह एल्बम इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें किंग और कुमार सानू को साथ में देखा जा रहा है. गाने में कुमार सानू की क्लासिक आवाज और किंग का मॉडर्न रैप स्टाइल मिलकर कमाल का जादू बिखेर रहे हैं. दोनों कलाकार अपने सुरों से खेलते नजर आ रहे हैं.
कुमार सानू और किंग ने गाने को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, “मजा प्यार करने में गाना रिलीज किया जा चुका है. यह मेरे लिए जिंदगी में एक बार मिलने वाला खास पल है. थोड़ा सा प्यार जरूर दिखाएं.”
जहां गाने को कुमार सानू और किंग ने अपनी शानदार आवाज से सजाया है, वहीं इसके लिरिक्स भी किंग ने दिए हैं और आदित्य देव ने इसे संगीतबद्ध किया है.
गाने के लिरिक्स काफी रोमांटिक हैं, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं. वहीं, सबसे खास लिरिक्स हैं, ‘मजा प्यार करने में आता है तुझसे ही.’
गाने के वीडियो में दोनों गायक नजर आ रहे हैं. फैंस इस कोलैबोरेशन से बहुत खुश हैं. गायक और रैपर किंग म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी नाम रखते हैं. उन्होंने कई सफल एल्बम जारी किए हैं, जिसमें ब्लॉकबस्टर गाना ‘मान मेरी जान’ है. किंग का यह गाना फैंस को काफी पसंद आता है और एक समय पर गाने ने काफी लोकप्रियता हासिल की थी. वहीं, कुमार सानू अपने समय के मशहूर गायकों में से एक हैं. उन्होंने मनोरंजन जगत में कई यादगार गाने दिए हैं और आज भी अपनी शानदार आवाज से दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखते हैं.
–
एनएस/एएस