
New Delhi, 16 अप्रैल . भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) आवास वित्त लिमिटेड (एचएफएल), जिसे एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (एलआईसी एचएफएल) के रूप में जाना जाता है, ने जूनियर असिस्टेंट के कुल 180 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है.
एलआईसी आवास वित्त लिमिटेड की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है. ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री न्यूनतम 55 फीसदी अंकों के साथ होनी चाहिए. इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है.
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी. वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, इंटरव्यू, मेडिकल परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 38,709 से 41,509 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी. ऑनलाइन परीक्षा जून के पहले सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है.
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो 800 रुपए के साथ 18 फीसदी GST तय किया गया है.
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एलआईसी एचएफएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें. लास्ट में आवेदन पत्र का एक प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें.
–
डीके/वीसी