पंजाब का माहौल खराब करने की साजिश: कुलदीप धालीवाल

अमृतसर, 23 जून . आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने Tuesday को भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि 19 जून को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान करण नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया था. धालीवाल के अनुसार, गिरफ्तार युवक के पास से 25 पिस्तौलें, एक एके-47 राइफल, एक बुलेटप्रूफ जैकेट और 388 कारतूस बरामद किए गए.

कुलदीप सिंह धालीवाल ने दावा किया कि गिरफ्तार युवक के पिता शिव कुमार हैं, जो भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) सेल के जिला अध्यक्ष हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने एक महीने पहले ही आशंका जताई थी कि भाजपा पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर सकती है. भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है और पंजाब को नुकसान पहुंचाने से भी पीछे नहीं हटेगी.

आप विधायक ने पंजाब के लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि पंजाबियों को भाजपा से बचकर रहना चाहिए. राज्य के लोगों को भाजपा के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा, ताकि पंजाब के सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखा जा सके.

वहीं, पटियाला के एक भाजपा नेता द्वारा मुस्लिम समुदाय को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी पर भी कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सबसे पहले संबंधित नेता को महाराजा रणजीत सिंह के शासनकाल का अध्ययन करना चाहिए. धालीवाल ने आरोप लगाया कि पटियाला में भाजपा के एक नेता ने मुसलमानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की.

उन्होंने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह के शासन को सभी धर्मों और जातियों के लोगों के सम्मान और कल्याण के लिए जाना जाता है. धालीवाल ने याद दिलाया कि पूर्व Chief Minister बादल भी कई बार यह कहा करते थे कि वे महाराजा रणजीत सिंह जैसा शासन देना चाहते हैं.

आप विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग महाराजा रणजीत सिंह जैसे महान शासक का नाम लेते हैं, उन्हें उनके आदर्शों और मूल्यों को भी समझना चाहिए. महाराजा रणजीत सिंह सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के लोगों का सम्मान करते थे और उनके कल्याण के लिए कार्य करते थे.

पीएसके/डीकेपी

Leave a Comment