
दिसपुर, 3 जुलाई . कर्मचारी राज्य बीमा निगम असम (ईएसआईसी), असम ने अपने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बेल्टोला, गुवाहाटी-22 के लिए विभिन्न विभागों में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर सीनियर रेजिडेंट के कुल 41 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है. इनमें यूआर के 12, ओबीसी के 13, एससी के 8, एसटी के 2 और ईडब्ल्यूएस के 6 पद शामिल हैं.
ईएसआईसी-असम ने अपने जिन विभागों में 41 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें सामान्य चिकित्सा में 3, बाल चिकित्सा में 3, सामान्य शल्य चिकित्सा में 4, हड्डी रोग विज्ञान में 2, ईएनटी (कान, नाक और गला ) में 1, नेत्र विज्ञान में 1, प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान में 2, एनेस्थीसिया में 6, रेडियोडायग्नोसिस में 2, छाती रोग विभाग में 1, आईसीयू में 2, एनआईसीयू में 6, पीआईसीयू में 6 और मेडिकल ऑन्कोलॉजी में 2 पद शामिल हैं.
इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी. इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विभागों/यूनिट में मास्टर डिग्री/डिप्लोमा होनी चाहिए. हालांकि, संबंधित विभागों/यूनिट में कम से कम 3 वर्ष के अनुभव वाले एमबीबीएस उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना साक्षात्कार के तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
वॉक-इन इंटरव्यू 9 जुलाई को ‘डीन का कक्ष, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल, बेल्टोला, गुवाहाटी-781022’ पते पर आयोजित किया जाएगा. इसी दिन इंटरव्यू से पहले उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन सुबह 9 बजे से 9.30 बजे के बीच किया जाएगा.
ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित दस्तावेजों की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है. ध्यान दें कि जिन उम्मीदवारों के दस्तावेज वेरिफाई हो जाएंगे, उन्हें ही वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी.
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-असम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. पोर्टल पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं.
बता दें कि ईएसआईसी-असम की ओर से शुरू में यह भर्ती अनुबंध के आधार पर 3 वर्ष के लिए की जाएगी, जिसे हर वर्ष रिन्यू या बढ़ाया जा सकता है. हालांकि, यह उम्मीदवारों के संतोषजनक प्रदर्शन या सेवा पर निर्भर करेगा.
–
डीके/एएस