
रोम, 10 मई . दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी जैनिक सिनर ने इटैलियन ओपन की धमाकेदार शुरुआत की है. सिनर ने दूसरे राउंड में सेबेस्टियन ऑफनर को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराया.
घरेलू दर्शकों के बीच सिनर ने हमेशा की तरह बेहतरीन खेल की बदौलत मैच पर दबदबा कायम किया. सिनर ने पहले सेट में सिर्फ पांच अनफोर्स्ड एरर किए और विपक्षी को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया. सिनर ने मैच की शुरुआत में एक नाजुक ड्रॉप शॉट मारकर सर्व ब्रेक किया और मैच पर पूरा नियंत्रण कर लिया. मैच एक घंटा 31 मिनट तक चला.
सिनर की एटीपी मास्टर्स 1000 जीतने की स्ट्रीक 29 मैचों तक पहुंच गई, जिससे वह सीरीज में तीसरी सबसे लंबी स्ट्रीक के लिए रोजर फेडरर के साथ बराबरी पर आ गए.
जीत के बाद जैनिक सिनर ने कहा, “मैं यहां आकर बहुत खुश हूं. पहले दिन से ही, यह मेरे लिए एक बहुत ही खास टूर्नामेंट रहा है. इटैलियन होने के नाते आप हर साल इस टूर्नामेंट के बारे में थोड़ा सोचते हैं.”
सिनर का तीसरे राउंड का मुकाबला एलेक्सी पोपिरिन है. पोपिरिन ने जैकब मेन्सिक को 6-3, 2-6, 6-4 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई है.
पिछले साल रोम में फाइनल में पहुंचने वाले सिनर का लक्ष्य अब 1976 में एड्रियानो पनाटा के टाइटल जीतने के बाद यह टूर्नामेंट जीतने वाले पहले इटैलियन खिलाड़ी बनना है.
जैनिक सिनर के पास करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा करने का पूरा मौका है. पेरिस, इंडियन वेल्स, मियामी, मोंटे-कार्लो और मैड्रिड में जीत के बाद अगर सिनर इटैलियन ओपन भी जीत जाते हैं, तो वे करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा कर लेंगे. 1990 में सीरीज शुरू होने के बाद नोवाक जोकोविच एकमात्र ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है.
–
पीएके