स्पेन पहुंचा 22,000 नॉटिकल मील की यात्रा पर निकला आईएनएस ‘सुदर्शनी’

New Delhi, 24 अप्रैल . भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सुदर्शनी स्पेन पहुंचा है. यह कोई सामान्य नौसैनिक जहाज नहीं बल्कि पाल वाला शिप है और अपने पाल के जरिए समुद्री यात्रा कर रहा है. समुद्र में यह शिप करीब 22,000 नॉटिकल मील से अधिक की यात्रा पर है.

सुदर्शनी की यह यात्रा वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना और विजन ‘महासागर’ से प्रेरित है. लोकयान के अंतर्गत आईएनएस सुदर्शनी का यह अभियान महासागरों के पार विश्वास और मित्रता सेतु निर्माण का संदेश दे रहा है. प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी समुद्री यात्रा के हिस्से के रूप में स्पेन के लास पाल्मास पहुंचा है.

दरअसल यहां कैनरी द्वीप समूह में यह पड़ाव महत्वपूर्ण है क्योंकि यह किसी भारतीय नौसैनिक पोत की इस द्वीप समूह की पहली यात्रा है. यह पड़ाव पोत के महत्वाकांक्षी अटलांटिक पार समुद्री यात्रा पर निकलने से पहले एक रणनीतिक विराम का काम करता है. सुदर्शनी भारतीय नौसेना का तीन मस्तूलों वाला नौसैनिक बार्क है. स्पेन यात्रा में आईएनएस सुदर्शनी के कमांडिंग ऑफिसर स्पेनिश नौसेना अधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे. जन-संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से, यह पोत स्थानीय स्पेनिश समुदाय और भारतीय प्रवासी भारतीयों के लिए भी खुला रहेगा.

यह दौरा भारतीय नौसेना और स्पेनिश नौसेना के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग और जुड़ाव को भी रेखांकित करता है. जनवरी 2026 में कोच्चि से रवाना होने के बाद, आईएनएस सुदर्शनी ने वसुधैव कुटुंबकम का संदेश फैलाते हुए ओमान, मिस्र, माल्टा, फ्रांस, मोरक्को में बंदरगाहों का दौरा किया है. ‘सुदर्शनी’ करीब 10 महीने लंबी यात्रा पर है. इस यात्रा में यह कुल 13 देशों के 18 विदेशी बंदरगाहों का सफर तय करेगा. यह जहाज एक लंबी अटलांटिक यात्रा करेगा.

संयुक्त राज्य अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका के विभिन्न बंदरगाहों पर आयोजित होने वाले ‘सेल 250’ स्मारक कार्यक्रमों में भी भाग लेने की योजना है. स्पेन आने से पहले आईएनएस सुदर्शनी मोरक्को के कैसाब्लांका पहुंचा था. यहां इसने अपनी सफल और सार्थक बंदरगाह यात्रा सम्‍पन्‍न की.

यह यात्रा मौजूदा ‘लोकयान 26’ तैनाती के हिस्‍से के रूप में भारत-मोरक्को समुद्री साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा. गौरतलब है कि 20 जनवरी को भारतीय नौसेना का यह सेल ट्रेनिंग शिप ‘आईएनएस सुदर्शनी’ कोच्चि स्थित नौसैनिक अड्डे से रवाना हुआ था.

जीसीबी/डीएससी

Leave a Comment