महिला टी20 विश्व कप में अनुभव की जगह प्रदर्शन को अहमियत दे भारतीय टीम: मिताली राज

New Delhi, 19 जून . भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने Friday को कहा कि स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल का महिला टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होना हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम श्रेयांका की जगह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले अगले मैच में राधा यादव को मौका दे सकती है.

मिताली राज ने जियोस्टार मीडिया डे पर को बताया, “यह निश्चित रूप से एक झटका है. मुझे यकीन है कि सपोर्ट स्टाफ के पास इस वर्ल्ड कप के लिए उसको लेकर योजनाएं थीं. व्यक्तिगत तौर भी वह विश्व कप के लिए बहुत उत्सुक थी.”

उन्होंने कहा, “किसी भी प्लेयर के लिए चोटिल होना और फिर वर्ल्ड कप जैसे वैश्विक स्टेज से चूक जाना मुश्किल होता है. मुझे यकीन है कि यह उसके लिए मुश्किल होगा.”

पूर्व कप्तान के मुताबिक राधा, जो बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी ऑल-राउंडर हैं, तीसरे स्पिनर की भूमिका में आने और बाएं हाथ के स्पिनर एन श्रीचरणी और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी ऑल-राउंडर दीप्ति शर्मा के साथ साझेदारी करने के लिए सबसे अच्छी स्थिति में हैं.

उन्होंने कहा, “जहां तक ​​भारतीय टीम की बात है, मुझे यकीन है कि अब उन्हें शायद प्लान बी या प्लान सी पर वापस जाना होगा. इंडिया की ताकत स्पिनर रहे हैं और राधा यादव ने वनडे विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया है. वह इस टीम का हिस्सा हैं. इसलिए, मुझे लगता है कि तुरंत बदलाव यह होगा कि अगर उन्हें तीसरे स्पिनर की जरूरत पड़ी, तो वह श्रेयंका की भूमिका निभाएंगी.”

मिताली ने India की मध्यक्रम बल्लेबाजी पर भी चिंता जताई और कहा कि टीम जल्दी-जल्दी विकेट खो रही है. इससे आने वाले बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ रहा है. चाहे हम शेफाली और जेमिमा के Pakistan के खिलाफ आउट होने की बात करें या जेमिमा और यास्तिका के नीदरलैंड के खिलाफ जल्दी आउट होने की.

उन्होंने कहा, “हम नंबर तीन, चार या पांच बल्लेबाज से उम्मीद करते हैं. यहीं पर हमें लगता है कि जब ऋचा आती हैं, तो उन्हें बहुत कुछ करना होता है. उन्हें मोमेंटम सेट करना होता है और इसे आगे भी ले जाना होता है. उन्होंने ज्यादातर समय ऐसा किया है और हम चाहेंगे कि वह अहम मैचों में ऐसा करें. हम उम्मीद करते हैं कि सलामी बल्लेबाजों के अलावा हमारे टॉप 3-4 बल्लेबाज भी साझेदारी करें.”

मिताली ने कहा, “अगर वे लगभग 30 रन की पार्टनरशिप भी करते हैं, तो मुझे लगता है कि ऋचा घोष को 15वें या 14वें ओवर में लाने से उन्हें लगभग दो ओवर खेलने में बहुत मदद मिलेगी, क्योंकि इससे उन्हें वह रोल निभाने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा जो वह निभा रही हैं.”

इस सवाल पर कि क्या सीनियर तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को India के बाकी लीग स्टेज मैचों में शामिल किया जा सकता है, मिताली ने कहा कि Pakistan के खिलाफ शुरुआती मैच से उन्हें बाहर रखने से लगता है कि टीम प्रबंधन को उनके मौजूदा फॉर्म पर संशय है.

उन्होंने कहा, “तीन तेज गेंदबाजों के साथ जाने में भी कोई बुराई नहीं है. हम हमेशा ज्यादा स्पिनर के साथ गए हैं और यह उस पिच पर निर्भर करता है जिस पर वे खेल रहे हैं. हां, अगर आप एक अनुभवी गेंदबाज हैं और फिर भी आप लय में नहीं हैं या योजना के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, तो किसी खिलाड़ी को सिर्फ इसलिए खिलाने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि उसने कई मैच खेले हैं.”

श्रेयंका इंजरी की वजह से टी20 विश्व कप से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह लेग-स्पिनर प्रेमा रावत को टीम में जगह दी गई है.

पीएके

Leave a Comment