अल्ट्रा रनिंग में भारतीय एथलीटों का जलवा, लगातार तीसरी बार जीता एशिया-ओशिनिया चैंपियनशिप का खिताब

हिरोसाकी (जापान), 30 मई . India ने अल्ट्रा रनिंग में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए जापान के हिरोसाकी में हुई आईएयू 24-घंटे एशिया और ओशिनिया चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और India को इस खेल में एक मजबूत ताकत के रूप में स्थापित किया.

पुरुषों की 24-घंटे दौड़ में India ने इतिहास रच दिया. टीम ने न सिर्फ गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज तीनों मेडल अपने नाम किए, बल्कि पूरे व्यक्तिगत पोडियम पर कब्जा जमाया. अमर सिंह देवंदा ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 282.881 किलोमीटर (226 लैप) की दूरी तय की और गोल्ड मेडल जीता. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया. गीनो एंटनी ने 272.894 किलोमीटर (218 लैप) दौड़कर सिल्वर मेडल हासिल किया. सौरव कुमार रंजन ने 260.058 किलोमीटर (208 लैप) की दूरी तय कर ब्रॉन्ज मेडल जीता.

तीनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष टीम ने कुल 815.833 किलोमीटर की दूरी तय कर टीम गोल्ड मेडल अपने नाम किया. यह प्रदर्शन एशिया-ओशिनिया स्तर पर अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा और किसी भी एशियाई देश का आईएयू चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी माना जा रहा है. इस मुकाबले में जापान दूसरा और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर रहा.

महिला वर्ग में India ने कुल 667.722 किलोमीटर की दूरी तय कर टीम ब्रॉन्ज मेडल जीता. जापान ने 707.357 किलोमीटर के साथ गोल्ड और ऑस्ट्रेलिया ने 684.450 किलोमीटर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया. भारतीय महिला टीम की ओर से तेनजिन डोल्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 228.939 किलोमीटर दौड़ लगाई और कुल मिलाकर चौथा स्थान हासिल किया. इसी के साथ उन्होंने नया भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया.

इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम के लिए यह प्रदर्शन बेहद खास रहा. पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 12 घंटे और 24 घंटे की कैटेगरी में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने. पुरुष टीम का कुल स्कोर एशिया-ओशिनिया क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा. इसके अलावा, 11 में से 8 भारतीय एथलीट्स ने अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज किए. वहीं, भारतीय पुरुष टीम विश्व स्तर के अब तक के सर्वश्रेष्ठ टीम स्कोर से भी केवल 13 किलोमीटर पीछे रही.

टीम के हेड कोच संतोष पद्मनाभन ने इस जीत को पूरे भारतीय अल्ट्रारनिंग समुदाय के लिए गर्व का पल बताया. उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे सपोर्ट स्टाफ की मेहनत का नतीजा है. अमर सिंह देवंदा ने कहा कि यह जीत सिर्फ दूरी या रिकॉर्ड की नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक सीमाओं को पार करने की कहानी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे India में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स को और बढ़ावा मिलेगा.

महिला टीम की लीडर तेनजिन डोल्मा ने कहा कि दूरदराज के गांव से निकलकर इस स्तर पर पहुंचना गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि बेहतर सपोर्ट और फंडिंग मिलने से India के और खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकते हैं. India ने 2022, 2024 और अब 2026 में लगातार तीसरी बार 24-घंटे अल्ट्रारनिंग एशिया-ओशिनिया चैंपियनशिप का खिताब जीता है.

एसएम/एबीएम

Leave a Comment