
इंदौर, 25 अप्रैल . Madhya Pradesh के इन्दौर शहर में एक अज्ञात चोर ने बड़ी चतुराई से एक ज्वेलरी शॉप को अपना निशाना बनाया. यह घटना चंदन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर टेकरी इलाके की है.
गहने खरीदने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे बदमाश ने दुकानदार को बातों में उलझाया और मौके का फायदा उठाकर सोने से भरा पाउच चोरी कर लिया. वारदात के बाद आरोपी बड़ी ही सफाई से दुकान से बाहर निकल गया.
Police के मुताबिक फरियादी आशीष पिता गिरधर सोनी निवासी द्वारकापुरी ने Police को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी जवाहर टेकरी स्थित दुकान पर आया. उसने आते ही आशीष से छोटे बच्चों की बालियां दिखाने को कहा. जब आशीष ने बालियां दिखाईं, तो आरोपी ने उन्हें यह कहकर मना कर दिया कि उसे ये पसंद नहीं हैं.
दुकानदार जब पेटी में से अन्य फैंसी बालियां निकाल रहा था, तो आरोपी लगातार उसे यह कहकर भ्रमित करता रहा कि यह नहीं, मुझे दूसरी बाली दिखाओ. इसी बीच जब दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ गया, तो शातिर आरोपी ने सोने से भरा एक पाउच अपनी उंगलियों में छिपा लिया.
चोरी करने के तुरंत बाद आरोपी ने दुकानदार से कहा, चलो रहने दो, आपकी बालियां मुझे पसंद नहीं आ रही हैं और दुकान से निकलकर फरार हो गया. फरियादी आशीष को कुछ देर बाद चोरी का अहसास हुआ, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुका था.
फरियादी ने तुरंत चंदन नगर Police को सूचना दी. Police ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. Police अब दुकान और आसपास के इलाकों में लगे cctv फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके.
–
एमएस/