गोल्फ: साहिल थीगाला का शानदार प्रदर्शन जारी, ह्यूस्टन ओपन में 11वें स्थान पर बरकरार

ह्यूस्टन (अमेरिका), 28 मार्च . भारतीय मूल के गोल्फर साहिल थीगाला ने ह्यूस्टन ओपन पीजीए टूर इवेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखा है. दूसरे राउंड के बाद वह 6-अंडर पार के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 11वें स्थान पर बने हुए हैं.

थीगाला ने दूसरे राउंड में लगातार दूसरी बार 3-अंडर 67 का स्कोर किया. उन्होंने अपने खेल की शुरुआत फ्रंट नाइन से की, जहां 5वें और 6वें होल पर लगातार बर्डी लगाई, हालांकि 8वें होल पर एक बोगी हुई, लेकिन इसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए बैक नाइन में 13वें और 16वें होल पर बर्डी बनाकर मजबूत फिनिश किया.

वहीं, भारतीय मूल के एक और गोल्फर सुदर्शन येल्लामराजू ने भी बेहतरीन वापसी की. पहले राउंड में 69 का स्कोर करने के बाद उन्होंने दूसरे राउंड में शानदार 4-अंडर 66 खेला. बिना किसी बोगी के खेले गए इस राउंड की बदौलत वह कुल 5-अंडर स्कोर के साथ संयुक्त 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

टूर्नामेंट में फिलहाल बढ़त पूर्व यूएस ओपन चैंपियन गैरी वुडलैंड के पास है. उन्होंने दूसरे राउंड में 7-अंडर 63 का शानदार स्कोर किया और कुल 12-अंडर के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. उनके इस राउंड में आठ बर्डी और सिर्फ एक बोगी शामिल रही. वुडलैंड ने 2023 में दिमाग की सर्जरी के बाद गोल्फ में वापसी की थी और अब वह फिर से बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उन्होंने 2024 में हवाई में आयोजित हुए सोनी ओपन में गोल्फ खेलना फिर से शुरू किया था और पिछले साल इसी इवेंट में वे संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे थे.

पहले दिन के लीडर पॉल वारिंग दूसरे राउंड में 1-ओवर 71 का स्कोर करने के बाद नीचे खिसक गए हैं और अब थीगाला के साथ संयुक्त 11वें स्थान पर हैं. थीगाला ने अपने दूसरे राउंड की शुरुआत ‘फ्रंट नाइन’ से की. उन्होंने 5वें और 6वें होल पर लगातार दो बर्डी बनाईं, लेकिन 8वें होल पर एक बोगी के साथ उन्होंने दिन का अपना एकमात्र शॉट गंवा दिया. ‘बैक नाइन’ पर उन्होंने फिर से लय पकड़ी और 13वें तथा 16वें होल पर बर्डी बनाकर 67 के शानदार स्कोर के साथ अपना राउंड खत्म किया.

वहीं, येल्लामराजू ने टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत के बाद शानदार वापसी की. उन्होंने बिना किसी बोगी के 4-अंडर 66 का प्रभावशाली स्कोर बनाया. डेनमार्क के निकोलाई होजगार्ड ने अब तक का सबसे शानदार राउंड खेलते हुए 8-अंडर 62 का स्कोर बनाया और 10-अंडर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके साथ जैकसन सुबर भी 10-अंडर के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर हैं.

एसएम/वीसी

Leave a Comment