रूसी समुद्री क्षेत्र में ‘एमवी ओमोर्फी’ जहाज पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत, विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा

New Delhi, 24 जुलाई . भारतीय विदेश मंत्रालय ने Friday को बताया कि रूस के समुद्री क्षेत्र ‘ब्लैक सी’ में व्यावसायिक जहाज ‘एमवी ओमोर्फी’ में हुए हमले की कड़ी निंदा की. मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई.
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 18 जुलाई को जब व्यावसायिक जहाज ‘एमवी ओमोर्फी’ पर हमला हुआ, तब उस पर कुल दस क्रू सदस्य सवार थे. इनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे.
मंत्रालय ने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि 18 जुलाई को व्यावसायिक जहाज ‘एमवी ओमोर्फी’ पर ब्लैक सी से गुजरते समय हमला हुआ. बताया जा रहा है कि यह घटना रूस के समुद्री क्षेत्र में हुई. उस समय जहाज पर कुल दस क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें तीन भारतीय नागरिक थे.”
मंत्रालय ने कहा, “जानकारी के मुताबिक, इस हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई. हम दिवंगत के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. जहाज पर मौजूद बाकी दो भारतीय नागरिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं.”
मंत्रालय ने बताया कि जानकारी मिलते ही रूस में India के दूतावास ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और प्रभावित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है.
विदेश मंत्रालय ने कहा, “India व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाकर किए जाने वाले ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनसे बेगुनाह नागरिक क्रू सदस्यों की जान खतरे में पड़ती है. यह गंभीर चिंता की बात है कि समुद्री रास्तों पर सुरक्षित आवाजाही और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लगातार बढ़ते खतरे का सामना करना पड़ रहा है. India सभी संबंधित पक्षों से अपील करता है कि वे अपनी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियों का पालन करें, ताकि समुद्री यात्रा सुरक्षित रहे और दुनिया भर में व्यापार बिना किसी रुकावट के चलता रहे.”
इससे पहले इसी सप्ताह यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए व्यावसायिक जहाज ‘एमवी गोल्डन लेपर्ड’ पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की भी मौत हो गई थी.
उस घटना पर विदेश मंत्रालय ने कहा था, “India ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है. व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना, बेगुनाह नागरिक क्रू सदस्यों की जान खतरे में डालना या समुद्री आवाजाही और व्यापार में किसी भी तरह की रुकावट पैदा करना बेहद निंदनीय है और इससे बचा जाना चाहिए.”
–
एवाई/एबीएम


