फर्जी कास्टिंग कॉल से फिर मचा हड़कंप, रॉय कपूर फिल्म्स ने जारी की चेतावनी

Mumbai , 22 मई . फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का सपना लेकर हर दिन हजारों युवा Mumbai पहुंचते हैं, लेकिन इसी सपने का फायदा उठाकर कुछ लोग धोखाधड़ी करने लगते हैं. social media के बढ़ते इस्तेमाल के साथ अब फर्जी कास्टिंग कॉल और नकली ऑडिशन का जाल भी तेजी से फैल रहा है.

कई बार लोगों को बड़े बैनर और मशहूर प्रोडक्शन हाउस के नाम पर झांसा दिया जाता है. अब ऐसा ही एक नया मामला सामने आया है, जिसमें मशहूर प्रोडक्शन कंपनी रॉय कपूर फिल्म्स ने खुद सामने आकर लोगों को सावधान किया है.

दरअसल, Friday को रॉय कपूर फिल्म्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की. इस पोस्ट में, कंपनी ने बताया कि विनीत ललिता पांडे नाम का एक व्यक्ति उनकी आने वाली फिल्म के नाम पर झूठी कास्टिंग की जानकारी फैला रहा है. उस व्यक्ति का अब उनसे कोई संबंध नहीं है.

पोस्ट में कहा गया कि विनीत पांडे पहले कास्टिंग डायरेक्टर के तौर पर कंपनी से जुड़ा था, लेकिन काफी समय पहले उसकी सेवाएं खत्म कर दी गई थीं. इसके बावजूद वह अभी भी कंपनी का नाम इस्तेमाल करके लोगों को गुमराह कर रहा है.

कंपनी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ”विनीत पांडे को हमारी किसी भी फिल्म या प्रोजेक्ट का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति नहीं है. यह सभी काम पूरी तरह धोखाधड़ी हैं. उसके जरिए लिए गए किसी भी ऑडिशन को न तो निर्माता देख रहे हैं और न ही किसी ओटीटी मंच पर उनकी जांच हो रही है. फिलहाल उत्तर प्रदेश में हमारी तरफ से किसी भी तरह का ऑडिशन आयोजित नहीं किया जा रहा है.”

इस पोस्ट के साथ कंपनी ने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं. इन तस्वीरों में कथित फर्जी कास्टिंग कॉल के स्क्रीनशॉट दिखाई दिए. इन पोस्ट में फिल्म और ऑडिशन से जुड़ी जानकारी देकर लोगों को संपर्क करने के लिए कहा जा रहा था. कंपनी ने इन तस्वीरों को साझा करके लोगों को यह समझाने की कोशिश की कि किस तरह social media के जरिए नकली ऑडिशन का जाल फैलाया जा रहा है.

रॉय कपूर फिल्म्स ने पोस्ट में आगे लिखा, ”अगर भविष्य में हमें किसी फिल्म के लिए कलाकारों की जरूरत होगी, तो जानकारी सिर्फ हमारे आधिकारिक अकाउंट्स से ही दी जाएगी. लोगों को किसी अनजान व्यक्ति, फर्जी संदेश या social media पोस्ट पर भरोसा नहीं करना चाहिए.”

कंपनी ने लोगों से सावधान रहने और किसी भी तरह की फीस या पैसे देने से बचने की अपील की.

पीके/एबीएम

Leave a Comment