राजस्थान: शिक्षिका के पैसे गुम होने पर स्कूल में उतरवाए गए छात्राओं के कपड़े, शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

सवाई माधोपुर, 16 जुलाई . Rajasthan के सवाई माधोपुर जिले में स्कूल के अंदर छात्राओं के कपड़े उतरवाने के आरोप लगे हैं. बताया गया कि स्कूल में एक शिक्षिका के रुपए गुम होने पर कथित रूप से छात्राओं के कपड़े उतराए गए. इस घटना से ग्रामीण और अभिभावक आक्रोशित हैं. हालांकि, मामला सामने आने के बाद भरतपुर मंडल के संयुक्त निदेशक ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया, जबकि एक शिक्षिका को कार्यमुक्त किया गया है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना सवाई माधोपुर जिले के बामनवास उपखंड क्षेत्र में स्थित लिवाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की है. स्कूल में एक शिक्षिका सरस्वती मीना के पर्स से कुछ रुपए खो गए थे. इसका शक स्कूल की छात्राओं पर किया गया था. आरोप है कि जांच के नाम पर कक्षा 9वीं से 11वीं तक की छात्राओं के कपड़े उतरवाकर उनकी तलाशी ली गई. यह घटनाक्रम 13 जुलाई का बताया गया है.

जब डरी-सहमी छात्राओं ने घर जाकर परिजनों को इस आपबीती की जानकारी दी तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल के बाहर जमा हो गए और मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया. हंगामे की सूचना मिलते ही सीबीईओ प्रतिभा मीना तुरंत मौके पर पहुंचीं और पीड़ित छात्राओं से पूरी घटना की जानकारी ली. साथ ही, उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया.

मामले में सीबीईओ की रिपोर्ट पर स्कूल शिक्षा, भरतपुर मंडल के संयुक्त निदेशक ने शिक्षिका सरस्वती मीना को निलंबित कर दिया. हालांकि, निलंबन काल के दौरान उनका मुख्यालय धौलपुर के राजाखेड़ा में स्थित सीबीईओ कार्यालय तय किया गया है. साथ ही, स्कूल की व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को भी सेवा प्रदाता कंपनी के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है.

इसके साथ ही, घटना को लेकर शिक्षा विभाग ने विभागीय जांच शुरू की है.

डीसीएच/

Leave a Comment