सिर्फ 30 साल की उम्र में डैनी लैंब ने प्रोफेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा, जानिए वजह?

New Delhi, 12 अगस्त . ससेक्स के ऑलराउंडर डैनी लैंब ने महज 30 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. लैंब ने गर्दन की गंभीर कारण यह फैसला लिया है.

लैंब को इस सीजन की शुरुआत में गर्दन में डिस्क हर्नियेशन की समस्या हुई थी, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई. पिछले महीने दाएं हाथ के गेंदबाज की सर्जरी हुई थी, लेकिन उन्हें चोट के असर का सामना करना पड़ रहा था. आखिरकार, मेडिकल सलाह के बाद लैंब को खेल से दूर होने का फैसला लेना पड़ा.

इसी के साथ डैनी लैंब के लगभग एक दशक लंबे करियर का अंत हो गया. इस दौरान लैंब ने लंकाशायर और ससेक्स दोनों का प्रतिनिधित्व किया और सभी फॉर्मेट में टीम के लिए अहम योगदान दिया.

‘बीबीसी स्पोर्ट’ के अनुसार लैंब ने कहा, “चोट के कारण करियर का खत्म होना बहुत मुश्किल है. मेडिकल सलाह के बाद मुझे पता है कि मेरी लंबी अवधि की सेहत के लिए यह सही फैसला है. प्रोफेशनल खेल में एक दशक से ज्यादा समय बिताना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है. मैं लंकाशायर और ससेक्स दोनों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत आभारी हूं. मैं कभी भी जन्मजात प्रतिभा वाला खिलाड़ी नहीं रहा, लेकिन मैंने हमेशा टीम के लिए अपना सब कुछ देने और जीत में मदद करने के लिए जो भी जरूरी था, वह करने की कोशिश की. मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे कुछ ऐसे शानदार पल देखने को मिले जो हमेशा मेरे साथ रहेंगे.”

लैंब के करियर में 2023 में ससेक्स जाने से पहले लंकाशायर के लिए सभी फॉर्मेट में 93 मैच खेलना शामिल था. उनके फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड में 33.13 के औसत से आठ विकेट लेना और 134 रन का करियर-बेस्ट स्कोर बनाना शामिल है.

बतौर प्रोफेशनल क्रिकेटर लैंब के आखिरी महीने चोट से प्रभावित रहे. वह जून की शुरुआत के बाद से ससेक्स के लिए नहीं खेले हैं, जब शार्क्स ने केंट के खिलाफ अपने टी20 ब्लास्ट अभियान की एकमात्र घरेलू जीत दर्ज की थी.

ससेक्स में, लैंब ने क्लब की हालिया प्रगति में अहम भूमिका निभाई, जिसमें काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन वन में प्रमोशन और ब्लास्ट में फाइनल्स डे तक का सफर शामिल है.

ससेक्स के हेड कोच और क्रिकेट डायरेक्टर पॉल फारब्रेस ने ऑलराउंडर के योगदान की सराहना की और उनके संन्यास से जुड़ी परिस्थितियों को भी समझा. उन्होंने कहा, “जब किसी प्रोफेशनल एथलीट को अपने पसंदीदा खेल से रिटायर होना पड़ता है, तो वह दिन दुखद होता है; और जब ऐसा चोट की वजह से हो, तो यह और भी मुश्किल होता है. दुख की बात है कि डैनी अपना करियर जारी नहीं रख पा रहे हैं. मैं होव में बिताए समय के दौरान उनकी प्रतिबद्धता और कौशल के लिए उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. काउंटी चैंपियनशिप में डिवीजन वन में हमारी टीम के प्रमोशन और ‘ब्लास्ट’ में फाइनल्स डे तक पहुंचने में डैनी ने अहम भूमिका निभाई.”

–

आरएसजी

Leave a Comment