
एंटीगुआ, 21 अगस्त . कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में ऑलराउंडर शादाब खान के शानदार प्रदर्शन के दम पर एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स ने सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स को 3 विकेट से हरा दिया.
एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स के कप्तान मोईन अली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन बनाए.
दासुन शनाका ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए मात्र 17 गेंदों पर 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से नाबाद 49 रन बनाकर टीम का स्कोर 187 रन तक पहुंचाया. इसके अलावा, काइल मायर्स ने 18 गेंदों पर 34, कप्तान जेसन होल्डर ने 27 और आंद्रे फ्लेचर ने 20 रन बनाए.
एंटीगुआ की तरफ से शादाब खान ने किफायती गेंदबाजी की और 4 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिए. शामार स्प्रिंगर ने 2, जायडन सिल्स और मोईन अली ने 1-1 विकेट लिए.
एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स ने 19.3 ओवर में 7 विकेट 191 रन बनाकर मैच 3 विकेट से जीत लिया. टीम के लिए एविन लुईस ने सर्वाधिक 48 रन बनाए. 38 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 5 छक्के लगाए. इसके अलावा, हसन नवाज ने 33, शादाब खान ने 12 गेंदों पर 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 30 रन बनाए. कप्तान मोईन अली ने भी 12 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए. शामार स्प्रिंगर ने 15, करिमा गोरे ने 22 रन बनाए.
सेंट किट्स की तरफ से काइल मायर्स और कप्तान जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए. ओबेड मैकॉए और वकार सलामखेली ने 1-1 विकेट लिए.
अपनी किफायती गेंदबाजी और विस्फोटक बल्लेबाजी से एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स को जीत दिलाने वाले शादाब खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स की सीजन के चौथे मैच में यह दूसरी जीत थी, जबकि सेंट किट्स और नेविस पैट्रियट्स की चौथे मैच में तीसरी हार. प्वाइंट टेबल में एंटीगुआ और बारबुडा चौथे और नेविस पैट्रियट्स सातवें स्थान पर है.
–
पीएके