मध्य प्रदेश: सेमरिया नगर पालिका में कांग्रेस को मिली जीत, पार्टी में खुशी की लहर

Bhopal , 31 दिसंबर . Madhya Pradesh में नगर निकायों के उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. इसमें कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है.

रीवा जिले की सेमरिया नगर पालिका अध्यक्ष पद पर मिली इस जीत ने कांग्रेस को उत्साहित कर दिया है. दरअसल, राज्य में नगरीय निकाय के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव हुआ था, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण सेमरिया नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव था.

इस उपचुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार पद्मा कुशवाहा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार आराधना विश्वकर्मा को 700 से अधिक मतों के अंतर से परास्त किया है. वहीं, राज्य में पार्षदों के उपचुनाव में चार स्थानों पर भाजपा जीती है, दो स्थानों पर कांग्रेस, और एक स्थान पर अन्य को जीत मिली है.

रीवा के सेमरिया में मिली जीत पर कांग्रेस उत्साहित है, और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस जीत पर कहा है कि रीवा के सेमरिया नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी पद्मा कुशवाहा की जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.

पटवारी ने कहा कि भाजपा के अत्याचार, अन्याय और जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता अब पूरी तरह त्रस्त है और इसका असर हाल के चुनावी परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है. सेमरिया की यह जीत सिर्फ़ एक नगर परिषद की जीत नहीं, बल्कि प्रदेश भर में बदलाव के पक्ष में बन रही जनभावना का स्पष्ट संकेत है, जो आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी.

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस परिवार के सभी साथियों का आभार, जिन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित की.

एसएनपी/डीएससी

Leave a Comment