पंजाब : वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरदार लाल सिंह के निधन पर शोक, विधायक कुलबीर जीरा ने बताया अपूरणीय क्षति

पटियाला, 28 मार्च . वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सरदार लाल सिंह के निधन पर पंजाब कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई है. विधायक कुलबीर जीरा ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है.

विधायक कुलबीर जीरा ने कहा कि सरदार लाल सिंह कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तंभ थे. उन्होंने आम घरों के कई युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाया और उन्हें नेता बनाया. जीरा ने अपने संबोधन में याद करते हुए बताया कि सरदार लाल सिंह उनके मार्गदर्शक थे.

उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक दिन जब वे उनके कार्यालय में बैठे थे, तब सरदार लाल सिंह ने 1977 के चुनावों का अनुभव साझा किया था. उन्होंने बताया था कि जब वे डकाला से चुनाव लड़े थे, तो मात्र 528 वोटों से जीते थे. उस समय पूर्व Prime Minister इंदिरा गांधी स्वयं डकाला क्षेत्र देखने आई थीं कि आखिर वह कौन-सा क्षेत्र है, जहां कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की.

कुलबीर जीरा ने कहा, “सरदार लाल सिंह जैसी महान शख्सियत का जाना केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी और पंजाब राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है. ऐसे लोग बहुत कम जन्म लेते हैं, जो समाज के लिए मार्गदर्शक बनते हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि सरदार लाल सिंह ने ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ता के साथ राजनीति की. उनके द्वारा स्थापित किए गए आदर्श और सिद्धांत आज भी युवा नेताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. कुलबीर जीरा ने अपील की कि समाज को उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए.

सरदार लाल सिंह ढकाला क्षेत्र से विधायक रह चुके थे और पंजाब राजनीति में ‘पितामह’ के नाम से जाने जाते थे. उन्होंने दशकों तक जनसेवा की, खासकर किसानों और ग्रामीण विकास के मुद्दों पर काम किया. उनकी सादगी और मेहनत ने उन्हें जनता का चहेता बना दिया था. लंबे समय से उनकी सेहत खराब चल रही थी. आज उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके घर पर नेताओं का तांता लग गया. सभी नेता परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंच रहे हैं.

पंजाब कांग्रेस ने भी उनके निधन पर शोक संदेश जारी किया है. पार्टी ने कहा कि लाल सिंह का जाना पूरे पंजाब कांग्रेस के लिए भारी क्षति है. उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा.

एससीएच

Leave a Comment