
बीजिंग, 9 मार्च . पेइचिंग समयानुसार, 9 मार्च को 14वीं चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा (एनपीसी) के चौथे पूर्णाधिवेशन के दौरान “प्रतिनिधि गलियारा” नामक दूसरा संवाददाता सम्मेलन पेइचिंग स्थित जन वृहद भवन में आयोजित किया गया. इस अवसर पर चाइना कॉस्को शिपिंग कॉरपोरेशन (सीसीएससी) के वरिष्ठ कप्तान नी ती ने संवाददाताओं के साथ बातचीत की और शिपिंग उद्योग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए.
नी ती ने बताया कि वे पिछले 28 वर्षों से शिपिंग उद्योग से जुड़े हुए हैं. इस दौरान उन्होंने दुनिया के 30 से अधिक देशों और क्षेत्रों की यात्रा की है. उनके अनुसार, उनकी कुल समुद्री यात्रा की दूरी इतनी है कि उससे पृथ्वी का 30 से अधिक बार चक्कर लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने चीन के शिपिंग उद्योग में हुए व्यापक और तेज़ बदलावों को प्रत्यक्ष रूप से देखा है.
उन्होंने कहा कि चीन के पास न केवल दुनिया का सबसे बड़ा शिपिंग बेड़ा है, बल्कि विश्व स्तर के बंदरगाहों का सबसे बड़ा समूह भी मौजूद है. अंतरराष्ट्रीय समुद्री माल ढुलाई में चीन की कुल हिस्सेदारी लगभग एक-तिहाई के बराबर है. उन्होंने यह भी बताया कि पेरू में स्थित चान्के पोर्ट के परिचालन में आने के बाद चीन के शांगहाई शहर में स्थित शांगहाई पोर्ट और चान्के पोर्ट के बीच “दो-तरफ़ा यात्रा” संभव हो गई है. शांगहाई पोर्ट लगातार 16 वर्षों से वार्षिक कंटेनर थ्रूपुट के मामले में दुनिया में प्रथम स्थान पर बना हुआ है. इस प्रक्रिया का हिस्सा बनने और इन परिवर्तनों का साक्षी होने पर उन्होंने गर्व व्यक्त किया.
(साभार – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–
डीकेपी/