रांची में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार, गांजा और ब्राउन शुगर बरामद

रांची, 14 दिसंबर . रांची में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ Police की ओर से चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत Police ने दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

पहली कार्रवाई सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के किशोरगंज रोड नंबर-09 में की गई. वरीय Police अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सुजीत राय अपने घर के पास अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है.

सूचना के सत्यापन के बाद Police अधीक्षक (नगर) की अगुवाई में Police उपाधीक्षक, कोतवाली के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान सुजीत राय (36 वर्ष) और उसकी पत्नी रबिता देवी (32 वर्ष) को गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. तलाशी में अभियुक्तों के कमरे से कुल 1.010 किलोग्राम गांजा, 7,520 रुपये नकद, पैकिंग प्लास्टिक, मोमबत्ती, माचिस, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, एक एनटॉर्क टीवीएस स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.

पूछताछ में दोनों ने गांजा की खरीद-बिक्री की बात स्वीकार की. Police के अनुसार, मुख्य अभियुक्त सुजीत राय का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है.

दूसरी कार्रवाई कांके थाना क्षेत्र में की गई. गश्ती के दौरान भेटनरी कॉलेज रोड स्थित ब्लॉक चौक के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखकर Police ने रोकने का प्रयास किया, जिसमें एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दूसरे को पल्सर मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशोरगंज रोड, सुखदेवनगर निवासी संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है. तलाशी में उसके पास से 3.80 ग्राम (33 पुड़िया) ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, 2 हजार रुपए नकद और एक पल्सर बाइक बरामद की गई.

पूछताछ में उसने बताया कि वह अंतरराज्यीय गिरोह के लिए बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर मंगाकर रांची के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था.

एसएनसी/पीएसके

Leave a Comment