‘दे दे प्यार दे’ से पहले जया प्रदा पूरी रात नहीं सो पाई थीं, एक्ट्रेस ने शूटिंग से पहले का एक्सपीरियंस किया शेयर

Mumbai , 30 जुलाई . 80 के दशक में Bollywood एक्ट्रेस जया प्रदा ने अपनी मासूमियत और क्लासिक अंदाज से करोड़ों दिलों पर राज किया. ‘सरगम’, ‘कोहराम’, ‘शराबी’ जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी लोगों को याद हैं, लेकिन जया सिर्फ एक्टिंग के लिए ही नहीं, अपने डांस के लिए भी जानी जाती हैं. उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने किए, लेकिन ‘शराबी’ फिल्म का गाना ‘दे दे प्यार दे’ उनके करियर के सबसे आइकॉनिक गानों में से एक है. इस गाने में अमिताभ बच्चन के साथ उनकी केमिस्ट्री और उनके ग्लैमरस अंदाज को आज भी लोग कॉपी करते हैं.

1984 में रिलीज हुआ गाना ‘दे दे प्यार दे’ आज भी हर पार्टी और शादी में बजता है, लेकिन पर्दे पर जो चीज इतनी आसान दिखती है, उसके पीछे कितनी मेहनत और टेंशन होती है, यह बात खुद जया प्रदा ने डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ में बताई. वह शो में बतौर गेस्ट पहुंची थीं.

शो के दौरान जब गाने की बात छिड़ी तो जया ने एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने बताया कि इस गाने को शूट करने से ठीक पहले वाली रात वह बिल्कुल सो नहीं पाई थीं. इसकी वजह थी गाने के लिए मांगा गया उनका मॉडर्न लुक.

जया ने कहा, ”इस गाने में मेरा मीना का किरदार मॉडर्न ड्रेस में दिखता है. उस रात मुझे फिल्म के डायरेक्टर प्रकाश मेहरा ने कहा था कि आपको इस सीक्वेंस में मॉडर्न ड्रेस में रहना होगा.”

जया उस समय तक ज्यादातर साड़ी और ट्रेडिशनल इंडियन कपड़ों में ही नजर आती थीं. उनकी इमेज एक ट्रेडिशनल हीरोइन की थी. ऐसे में जब डायरेक्टर ने कहा कि इस गाने में उन्हें बिल्कुल अलग, ग्लैमरस और मॉडर्न दिखना है तो वह घबरा गईं और इसे एक बड़े चैलेंज के तौर पर ले लिया.

एक्ट्रेस ने बताया कि इसी टेंशन की वजह से वो पूरी रात सो नहीं पाईं. जया ने कहा, ”मैं रातभर टेंशन में थी कि मैं ग्लैमरस कैसी लगूंगी, क्योंकि इंडियन ड्रेस का मुझे पता था, लेकिन मॉडर्न ड्रेस में इतना परफॉर्म करना मेरे लिए उस वक्त चुनौतीपूर्ण था. मुझे डर था कि कहीं मॉडर्न आउटफिट में अगर फिट नहीं आई, तो मेरा परफॉर्मेंस कमजोर पड़ जाएगा. एक तरफ गाने का बीट बहुत तेज और एनर्जेटिक थी, दूसरी तरफ मुझे अमिताभ बच्चन जैसे बड़े स्टार के साथ स्क्रीन शेयर करना था.”

जया ने बताया, ”मैं रातभर सोचती रही. फिर फाइनली शूटिंग का दिन आया. इस गाने में अमिताभ बच्चन का किरदार मुझे रातभर ढूंढता है. बिग बी ने फिल्म में एक शराबी का किरदार निभाया, जो नशे में अपनी पत्नी मीना को रातभर ढूंढता है. इसी पर ‘दे दे प्यार दे’ फिल्माया गया था. वो गाने की शूटिंग मैंने जैसे-तैसे पूरी की और लोगों ने उसे बेहद प्यार दिया.”’

–

पीके/वीसी

Leave a Comment