
New Delhi, 28 मई . हैदराबाद से जगदलपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-7104 को Thursday को खराब मौसम के कारण बीच रास्ते से वापस हैदराबाद लौटना पड़ा. विमान में कुल 79 यात्री सवार थे. राहत की बात यह रही कि फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड हुई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की यह फ्लाइट Thursday दोपहर 2:51 बजे हैदराबाद से जगदलपुर के लिए रवाना हुई थी, लेकिन जगदलपुर में खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते विमान को वहां उतारना संभव नहीं हो सका. इसके बाद फ्लाइट को वापस हैदराबाद लौटाने का फैसला लिया गया.
करीब ढाई घंटे बाद शाम 5:15 बजे विमान सुरक्षित रूप से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतरा. एयरपोर्ट पर विमान को बे नंबर 31 पर ले जाया गया. इसके बाद एयरलाइन ने आधिकारिक तौर पर फ्लाइट रद्द कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार दिया गया.
हालांकि, इस घटना में किसी तरह की तकनीकी खराबी या हादसे की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लगातार सामने आ रही विमान से संबंधित घटनाओं के कारण यात्रियों में चिंता जरूर बढ़ गई है.
इससे पहले 26 मई को Bengaluru एयरपोर्ट पर इंडिगो की Bengaluru से चेन्नई जाने वाली फ्लाइट 6ई-6017 में उड़ान भरने से पहले धुआं उठने की घटना सामने आई थी. उस समय विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी केबिन के अंदर धुआं दिखाई दिया.
स्थिति को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किया गया और सभी यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि उस घटना में भी कोई घायल नहीं हुआ था.
इंडिगो ने उस समय बयान जारी कर कहा था कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया गया था और उनके लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई थी. एयरलाइन ने यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था करने की भी बात कही थी.
गौरतलब है कि इसी महीने 5 मई को भी इंडिगो की हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही फ्लाइट में एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में आग लगने के बाद इमरजेंसी इवैक्यूएशन कराया गया था.
–
वीकेयू/डीकेपी