‘ब्लास्ट’ में अब्राहम बने नजर आएंगे अर्जुन चिदंबरम, फैमिली एंटरटेनर फिल्म को लेकर बढ़ा उत्साह

चेन्नई, 26 मई . फिल्म निर्देशक सुभाष के राज की आने वाली फिल्म ‘ब्लास्ट’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. फिल्म को लेकर अब एक नई जानकारी सामने आई है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है. मेकर्स ने खुलासा किया है कि Actor अर्जुन चिदंबरम फिल्म में ‘अब्राहम’ नाम का किरदार निभाते नजर आएंगे.

फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में अर्जुन सरजा, प्रीति मुखुनधन और अभिरामी दिखाई देंगे. अब अर्जुन चिदंबरम के किरदार की जानकारी सामने आने के बाद फैंस फिल्म की कहानी को लेकर और ज्यादा उत्साहित हैं. अभी उनके किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि फिल्म में उनकी भूमिका काफी अहम होने वाली है.

फिल्म का निर्माण कर रही एजीएस एंटरटेनमेंट ने एक्स टाइमलाइन पर लिखा, ”ब्लास्ट की दुनिया में अब्राहम से मिलिए.” इसके साथ फिल्म की रिलीज डेट और पूरी टीम को भी टैग किया गया. social media पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है.

जानकारी के मुताबिक, ‘ब्लास्ट’ 28 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म को सेंसर बोर्ड से यू/ए सर्टिफिकेट मिल चुका है. मेकर्स का दावा है कि फिल्म में एक्शन, इमोशन और मनोरंजन का पूरा पैकेज देखने को मिलेगा, जो हर उम्र के दर्शकों को पसंद आएगा. यह फिल्म परिवार के साथ बैठकर देखी जा सकती है.

फरवरी में मेकर्स ने घोषणा की थी कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. उस दौरान एजीएस एंटरटेनमेंट ने social media पर एक खास वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें फिल्म के बीटीएस पल दिखाए गए थे. वीडियो में फिल्म की पूरी टीम शूटिंग खत्म होने की खुशी मनाती नजर आई थी. वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा था कि फिल्म अब पूरी तरह तैयार है और हमें बेसब्री से इंतजार है कि दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखें.

फिल्म की एक और खास बात इसका संगीत है. मशहूर संगीत निर्देशक रवि बसरूर इस फिल्म के जरिए तमिल सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं. रवि बसरूर को खास तौर पर ‘केजीएफ’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के दमदार संगीत के लिए जाना जाता है.

पीके/एबीएम

Leave a Comment