अनिल कपूर लेकर आ रहे हैं नया क्विज शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’, बोले- यहां सोचने का तरीका बनेगा जीत की वजह

New Delhi, 7 अगस्त . Bollywood के मशहूर Actor अनिल कपूर जल्द ही रियलिटी क्विज शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ को होस्ट करते नजर आएंगे. यह शो 5 सितंबर से शुरू होने जा रहा है. शो की घोषणा के साथ ही अनिल कपूर ने इसकी खासियतों के बारे में बताया कि यह दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगा.

अनिल कपूर ने कहा कि वह इस शो को लेकर बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, ”मैं यह घोषणा करते हुए बहुत खुश हूं कि ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ का प्रीमियर 5 सितंबर को होने जा रहा है. इस शो का शानदार लॉन्च एक बेहद खास अनुभव रहा. इतने भव्य और शानदार माहौल में इस शो की शुरुआत की घोषणा करना मेरे लिए और भी यादगार पल बन गया है.”

उन्होंने बताया, ”यह शो दुनियाभर में लोकप्रिय रहे इंटरनेशनल फॉर्मेट ‘द 1 पर्सेंट क्लब’ का भारतीय रूप है. यह फॉर्मेट नीदरलैंड्स, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, इजरायल, तुर्की, यूक्रेन, मैक्सिको और अमेरिका जैसे कई देशों में दर्शकों का मनोरंजन कर चुका है. अब यह पहली बार भारतीय दर्शकों के सामने पेश किया जा रहा है.”

अनिल कपूर ने कहा, ”’इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ आम क्विज शो की तरह नहीं होगा. यह शो इस बात पर निर्भर नहीं करता कि आपको कितनी चीजों की जानकारी है, बल्कि यह इस बात को सामने लाता है कि आप किस तरह सोचते हैं. आपकी सोचने की क्षमता, किसी बात को समझने का तरीका और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता इस शो में सबसे ज्यादा मायने रखेगी.”

उन्होंने आगे बताया, ”इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल प्रतियोगी ही हिस्सा नहीं लेंगे, बल्कि घर बैठे दर्शक भी हर सवाल के साथ जुड़ सकेंगे. यह शो पूरे परिवार के साथ बैठकर देखने वाला मनोरंजक अनुभव होगा, जहां हर उम्र के लोग अपनी सोच और समझ को परख सकते हैं.”

शो की चुनौतियों के बारे में बात करते हुए अनिल कपूर ने कहा, ”हर सवाल दर्शकों और प्रतियोगियों के दिमाग को चुनौती देगा. यह शो दर्शकों को लगातार चौंकाएगा और आपकी सोच को चुनौती देगा. यहां हर चुनौती आपकी ऑब्जर्वेशन क्षमता, लॉजिक, प्रेजेंस ऑफ माइंड और मुश्किल समय में शांत रहने की क्षमता को परखेगी.”

अनिल कपूर ने शो की सबसे खास बात बताते हुए कहा, ”इस शो की सबसे अच्छी बात यह है कि घर पर बैठे लोग भी हर सवाल का जवाब दे सकते हैं और खुद समझ सकते हैं कि उनका दिमाग किस तरह काम करता है. यह सिर्फ एक गेम शो नहीं है, बल्कि खुद को जानने और अपनी सोच को समझने का एक मौका भी है.”

‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ का प्रसारण 5 सितंबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा.

पीके/एएस

Leave a Comment