
New Delhi, 7 अक्टूबर . भारतीय वायुसेना 8 अक्टूबर को अपना 94वां वायुसेना दिवस मनाने जा रही है. इस अवसर पर गाजियाबाद स्थित हिंडन वायुसेना स्टेशन में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा. समारोह में वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, वायु योद्धा और अन्य कर्मी शामिल होंगे. वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह वायुसेना दिवस समारोह के दौरान उपस्थित रहेंगे. वह यहां वायुसेना के जवानों द्वारा की जाने वाली भव्य परेड की समीक्षा करेंगे.
इस अवसर पर वायुसेना प्रमुख देश की रक्षा में जुटे वायु योद्धाओं को संबोधित भी करेंगे. वायुसेना दिवस भारतीय वायुसेना की स्थापना और उसके गौरवशाली सफर को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है. हर वर्ष 8 अक्टूबर को मनाया जाने वाला वायुसेना दिवस, इंडियन एयरफोर्स के साहस, शौर्य, अनुशासन और देश की हवाई सुरक्षा में उसके योगदान को समर्पित होता है.
हिंडन में होने वाले समारोह के दौरान वायु योद्धा अपनी पेशेवर दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे. परेड की समीक्षा के बाद वायुसेना प्रमुख का संबोधन वायु योद्धाओं को विशेष संदेश देगा. इस दौरान वायुसेना की उपलब्धियों, बदलती सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य के लिए उसकी तैयारियों पर भी ध्यान केंद्रित रहने की उम्मीद है. पिछले वर्षों में वायुसेना दिवस समारोह के दौरान लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टरों की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा है.
8 अक्टूबर का यह दिन भारतीय वायुसेना के लिए विशेष महत्व रखता है. वर्ष 1932 में इसी दिन भारतीय वायुसेना की स्थापना हुई थी. तब से लेकर आज तक भारतीय वायुसेना ने कई युद्धों और अभियानों में अपनी क्षमता साबित की है और बदलते दौर के साथ खुद को आधुनिक बनाया है.
रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि आज भारतीय वायुसेना के सामने केवल पारंपरिक हवाई युद्ध की चुनौती नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष, मानवरहित प्रणालियों, साइबर क्षेत्र और तेजी से बदलती तकनीक से जुड़ी नई चुनौतियां भी हैं. ऐसे समय में 94वां वायुसेना दिवस देश की हवाई शक्ति और भविष्य की तैयारियों को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर होगा.
वहीं, वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह बतौर एयरफोर्स चीफ इस समारोह में अंतिम बार उपस्थित रहेंगे. एपी सिंह इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं. ऐसे में केंद्र Government ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है. वर्तमान में वह वायुसेना उपप्रमुख हैं. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर को वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे.
–
जीसीबी/डीकेपी