‘स्वयंभू’ में संयुक्ता बनीं ‘भूमि’, मेकर्स ने उनके बर्थडे पर शेयर किया खतरनाक स्टंट का बीटीएस वीडियो

चेन्नई, 11 सितंबर . साउथ एक्टर निखिल सिद्धार्थ की मच अवेटेड पैन इंडिया फिल्म ‘स्वयंभू’ काफी समय से चर्चा में है. फिल्म की कहानी से लेकर इसके बड़े एक्शन सीक्वेंस तक, हर चीज को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है. इस कड़ी में मेकर्स ने एक्ट्रेस संयुक्ता के जन्मदिन पर एक खास बीटीएस वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनकी फिल्म में निभाई गई भूमिका की पहली झलक देखने को मिली.

फिल्म में संयुक्ता ‘भूमि’ नामक किरदार निभा रही हैं. इस किरदार को दमदार बनाने के लिए एक्ट्रेस ने एक्टिंग के साथ-साथ मुश्किल एक्शन सीक्वेंस और स्टंट के लिए कड़ी ट्रेनिंग ली.

डायरेक्टर भरत कृष्णमाचारी की इस पीरियड फिल्म में संयुक्ता दो फीमेल लीड्स में से एक हैं.

संयुक्ता के जन्मदिन पर प्रोडक्शन हाउस पिक्सल स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं. इसके साथ बीटीएस वीडियो जारी किया, जिसमें संयुक्ता को एक्शन की तैयारी करते और मुश्किल स्टंट की ट्रेनिंग लेते देखा जा सकता है. मेकर्स ने लिखा, ”लगातार ट्रेनिंग से लेकर निडर ‘भूमि’ बनने तक संयुक्ता ने अपना साहस, ताकत और जज्बा फिल्म की इस भव्य दुनिया में उतारा है. फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान जल्द ही होगा.”

फिल्म के डायरेक्टर भरत कृष्णमाचारी ने पहले से खास बातचीत में एक सीन के बारे में बात करते हुए कहा था, ”संयुक्ता बहुत बहादुर हैं. उन्होंने एक जोखिम भरा स्टंट खुद किया. इस शॉट में उन्हें नीचे बह रही नदी के ऊपर सिर्फ एक हार्नेस की मदद से पहाड़ पर चढ़ना था. हमने इसे रियल लोकेशन पर शूट किया. यह खास सीन आंध्र प्रदेश के मरदमल्ली में शूट हुआ, जिस ढलान पर उन्हें चढ़ना था, वह लगभग सीधी थी, इसलिए मुश्किल और भी ज्यादा थी.”

डायरेक्टर ने आगे बताया, ”शूटिंग वाली जगह का इलाका काफी मुश्किल था. ऐसे में अगर संयुक्ता को किसी तरह की परेशानी होती, तो क्रू के लिए तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचना भी आसान नहीं था. इसके बावजूद उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ सीन किया. इस श्रेय स्टंट कोरियोग्राफर जोशुआ मास्टर और उनकी टीम को जाता है. उन्होंने इस पूरे सीक्वेंस की सावधानी से प्लानिंग की और इसे सफलतापूर्वक शूट किया.”

मेकर्स ने पिछले साल नवंबर में फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी थी. करीब दो साल तक चले इस सफर में टीम ने 170 दिनों तक फिल्म की शूटिंग की. अब फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन और रिलीज से जुड़ी तैयारियां चल रही हैं. फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान जल्द किए जाने की उम्मीद है.

पीके/पीएम

Leave a Comment