स्कोरकार्ड में 5 ‘डक’, कोई भी बल्लेबाज नहीं छू सका दहाई का आंकड़ा, भारतीय गेंदबाजों के आगे नेपाल का सरेंडर

दोहा, 20 नवंबर . एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आगाज भारत-ए ने जबरदस्त अंदाज में किया है. टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 306 रनों से रौंदा. नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में सिर्फ 26 रन बनाकर सिमट गई.
नेपाल के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. वहीं, टीम का कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच सका. नेपाल के लिए सर्वाधिक 6 रन राशिद खान ने बनाए. इस खराब प्रदर्शन के साथ ही नेपाल के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है.
नेपाल का यह स्कोर लिस्ट-ए क्रिकेट में चौथा सबसे न्यूनतम स्कोर है. भारत-ए की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर के स्पेल में महज 6 रन देकर 5 विकेट चटकाए. वहीं, हर्षित राणा ने 6 ओवर के स्पेल में 16 रन देकर 4 विकेट निकाले. शहबाज अहमद ने एक विकेट झटका.
इससे पहले, भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 332 रन बनाए. भारत-ए की तरफ से कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शतकीय पारी खेली. तिलक ने 113 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 107 रन बनाए. कुमार कुशाग्र बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 102 गेंदों में 117 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के लगाए.
42 के स्कोर पर 3 विकेट गिरने के बाद तिलक और कुशाग्र ने भारतीय टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों में 206 रन जोड़े. वहीं, अंत के ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने 14 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 257 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी इस पारी में एक चौका और 4 छक्के लगाए. वैभव सूर्यवंशी ने 26 रनों का योगदान दिया. हालांकि, अभिषेक शर्मा (9 रन), आयुष बदोनी (2 रन) और रिंकू सिंह (9 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके.
–
एसएम/एबीएम


