
New Delhi, 25 अगस्त . India Government के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्था, साहित्य अकादमी (नेशनल एकेडमी ऑफ लेटर्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है. दरअसल, साहित्य अकादमी ने सीधी भर्ती के तहत मल्टी-टास्किंग स्टाफ सहित विभिन्न 30 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं.
साहित्य अकादमी की ओर से जारी 30 रिक्तियों में उप सचिव (सामान्य-प्रशासन) का 1, सहायक संपादक का 1, वरिष्ठ पुस्तकालय एवं सूचना सहायक के 2, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी का 1, तकनीकी सहायक का 1, कार्यक्रम सहायक का 1, प्रकाशन सहायक के 5, प्रूफ रीडर सह सामान्य सहायक के 2, आशुलिपिक ग्रेड-II के 4, संदेशवाहक सह राइडर का 1, वैन चालक का 1, कनिष्ठ लिपिक (जूनियर क्लर्क) के 4 और मल्टी-टास्किंग स्टाफ के 6 पद शामिल हैं.
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि रोजगार समाचार में संबंधित पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर तक की गई है. ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है.
आवेदकों की अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और/या इंटरव्यू, कौशल परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 18,000 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 800 से 1,000 रुपए और एससी/एसटी/महिलाएं के लिए 500 रुपए तय किया गया है. वहीं, ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले साहित्य अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर जाने के बाद संबंधित रिक्तियों के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें. इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘सचिव, साहित्य अकादमी, रवींद्र भवन, 35 फिरोजशाह रोड, New Delhi-110001’ पते पर स्पीड-पोस्ट/रजिस्टर्ड पोस्ट के माध्यम से तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें.
उम्मीदवारों को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए साहित्य अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है.
–
डीके/पीएम