शुरुआत में गेंदबाजी का मौका मिलने से हम परिस्थितियों का फायदा उठा सके: एडम मिल्ने

हैमिल्टन, 1 नवंबर . दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने Sunday को सेडन पार्क में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मैच में न्यूजीलैंड की जीत के हीरो साबित हुए. मिल्ने ने 4 ओवरों में 19 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. ऐसा पहली बार था, जब इस सीरीज में सिक्के का उछाल कीवी टीम के पक्ष में रहा. India को 191/8 के स्कोर पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने 18 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया. हालांकि, सीरीज India ने 3-2 से अपने नाम की.
जीत के बाद एडम मिल्ने ने कहा, “हां, टॉस जीतना हमेशा अच्छा लगता है. यह पांच मुकाबलों में एक बार ही हुआ, लेकिन शुरुआत में गेंदबाजी करने का मौका मिलना अच्छा रहा और हम परिस्थितियों का फायदा उठा सके. नई गेंद के साथ हवा में थोड़ी मूवमेंट थी, जो एक ओपनिंग गेंदबाज के तौर पर काफी मददगार होती है. इसके बाद गेंद की अनियमित उछाल का भी हमारे गेंदबाजों ने अच्छा इस्तेमाल किया.”
पूरी सीरीज में सीमित स्विंग मिलने पर मिल्ने ने कहा, “नहीं, तब तो नहीं जब बल्लेबाज पहली और दूसरी ही गेंद पर गेंद को बाउंड्री लाइन के पार पहुंचा दें. लेकिन हां, यह आसान नहीं था. बीच-बीच में थोड़ी स्विंग जरूर मिली. कुछ मैच खेलने के बाद हमने काफी कुछ सीखा. हमने अपनी रणनीति में बदलाव किया और ऐसी पिचों पर खेले जहां थोड़ी ज्यादा उछाल थी. इससे निश्चित रूप से हमें मदद मिली.”
मिडल ओवर्स में गति में बदलाव, तेज शॉर्ट गेंदों और स्लोअर बॉल के इस्तेमाल पर मिल्ने ने कहा, “हम सभी की गेंदबाजों को लेकर अपनी-अपनी योजनाएं होती हैं. टिक्स (ब्लेयर टिकनर) ने मिडल ओवर्स में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने अपनी नकल बॉल, धीमी गेंदों और शॉर्ट गेंदों का बेहतरीन उपयोग किया. यह हमारी रणनीति का अहम हिस्सा था.”
सीरीज के दौरान अपने अनुभव, फिटनेस और वनडे सीरीज से पहले टीम की प्रगति पर 34 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, “मेरा शरीर पूरी तरह ठीक है. चार मैच खेलकर अच्छा लगा. टीम के तौर पर भी हमने अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया. सीरीज की शुरुआत निराशाजनक रही थी, लेकिन उम्मीद है कि लड़के इस लय और आत्मविश्वास को वनडे सीरीज में भी लेकर जाएंगे.”
–
आरएसजी


