
New Delhi, 25 अगस्त . दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट (एसएडीडीएस) के 5वें स्थापना दिवस के मौके पर ‘5 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग शामिल हुए. इस दौरान नेताओं ने पार्टी की विचारधारा, पिछले पांच सालों की उपलब्धियों, और समुदाय की सेवा के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला.
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (डीएसजीएमसी) धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन जसप्रीत सिंह करमसर ने कहा, “Political दलों की एक विचारधारा होती है. हम उसी विचारधारा का अनुसरण कर रहे हैं, जिसके साथ शिरोमणि अकाली दल की स्थापना हुई थी. वह विचारधारा किसी तरह पंजाब में शिरोमणि अकाली दल से गायब हो गई थी, इसीलिए हमने उस विचारधारा को फिर से जिंदा करने और बनाए रखने के लिए पांच साल पहले अपनी नई पार्टी बनाई. पार्टी में काम करने के लिए केवल एक शिक्षा की आवश्यकता होती है, ईमानदारी. अपनी पार्टी और संगठन की पूरी ईमानदारी के साथ सेवा करनी चाहिए. हमारी धार्मिक पार्टी है और इसका काम होता है अपने धर्म, अपने लोगों का प्रचार करना. पंजाब के अकाली दल में यह कहीं न कहीं लुप्त होती जा रही थी, इसलिए अपनी पार्टी बनानी पड़ी.”
दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के जूनियर वाइस प्रेसिडेंट आत्मा सिंह लुबाना ने कहा, “जब से शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट (एसएडीडीएस) बना है, हमने कई बड़े काम किए हैं, चाहे वो धार्मिक क्षेत्र में हों या दूसरे बड़े प्रोग्राम के जरिए. हमने लाल किले पर गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी दिवस मनाई.”
दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के जनरल सेक्रेटरी जगदीप सिंह कहलों ने कहा, “पांच साल पहले, शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट लॉन्च हुआ था. इन पांच सालों में हमने कई तरह से दिल्ली सिख कम्युनिटी की सेवा की है. हमने धार्मिक प्रचार, शिक्षा और कानूनी मामलों सहित कई मुद्दों पर काम किया है. हमें अच्छे नतीजे मिल रहे हैं. यही वजह है कि आज आप कम्युनिटी में जोश देख सकते हैं. मैं बहुत खुश हूं और दिल्ली सिख कम्युनिटी को बधाई देता हूं.”
–
केके/डीकेपी