शादी की सालगिरह पर मनोज मुंतशिर ने पत्नी के लिए लिखा प्यारा नोट, बताया-सबसे बेहतरीन दोस्त

Mumbai , 5 अक्टूबर . मशहूर लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर Monday को अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं. इस खास मौके पर उन्होंने अपनी पत्नी को सालगिरह की बधाई दी और उनके लिए एक बेहद प्यारा नोट भी लिखा है.

मनोज ने इंस्टाग्राम पर पत्नी नीलम के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें दोनों एक-दूसरे के साथ मुस्कराते नजर आ रहे हैं. इस पोस्ट के जरिए लेखक ने पत्नी को अपना सबसे बेहतरीन दोस्त बताया. उन्होंने लिखा, “दोस्ती प्यार में बदल जाये, प्यार शादी में, अच्छी बात है लेकिन शादी के बाद भी दोस्ती कायम रह जाये, ये अजूबा तो बस कभी-कभी होता है. मैं भाग्यशाली हूं, कि मेरे साथ ये अजूबा हुआ. 30 साल पहले तुम मेरी दोस्त बनी, फिर मेरा प्यार, फिर पत्नी और आखिर में फिर से दोस्त. जिन्दगी जितनी भी बाकी है, इस दोस्ती के सहारे गुजर जाएगी. मुझे जीवन भर बिना शर्त प्यार करने के लिए, तुम्हें बहुत सा प्यार. जन्म दिन की बधाइयां नीलम मुंतशिर. जुग-जुग जियो.”

मनोज मुंतशिर और नीलम की शादी 5 अक्टूबर 1999 को हुई थी. नीलम मुंतशिर एक प्रतिष्ठित लेखिका हैं, जिन्होंने अपनी लेखनी से कई क्षेत्रों में नाम कमाया है. साल 2023 में रिलीज हुए गीत ‘वंदे भारतम’ समेत कई उल्लेखनीय प्रोजेक्ट्स में उनकी लेखनी ने खूब वाहवाही बटोरी. नीलम ने न केवल संगीत बल्कि फिल्मों से जुड़ी कई प्रोजेक्ट्स में भी महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं. मनोज मुंतशिर खुद भी हिंदी सिनेमा और संगीत जगत में गीतों और लेखन के लिए मशहूर हैं.

मनोज ने कपिल शर्मा के शो में बताया था कि एक बार उनकी शादी टूट गई थी क्योंकि उन्होंने अपने पहले प्यार की जगह करियर को प्राथमिकता दी थी. उन्होंने बताया था कि शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थी. कार्ड वगैरह सब छप चुके थे. वहीं, उससे पहले लड़की के भाई ने मुझसे करियर के बारे में पूछा, तो मैंने कहा कि भाई मैं गीतकार बनूंगा. उन्होंने कहा कि वो तो ठीक है, पर काम क्या करोगे? मैंने उनसे कहा कि झूठ नहीं बोलूंगा लेकिन मुझे जिंदगीभर गानों के बोल लिखने हैं. हम वापस आ गए और शादी टूट गई. मैं उस लड़की को प्यार करता था लेकिन शादी और राइटिंग के बीच च्वाइस थी और मैंने राइटिंग चुनी.

उत्तर प्रदेश के अमेठी में रहने वाले मनोज मुंतशिर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन खत्म करने के बाद किस्मत आजमाने के लिए Mumbai पहुंचे. यहां उन्होंने गीतकार और डायलॉग राइटर के तौर पर करियर बनाना शुरू किया.

मनोज ने ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ और ‘बाहुबली: द कंक्लूजन’ के हिंदी वर्जन, ‘जय गंगाजल’, ‘एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, और ‘बादशाहो’ जैसी फिल्मों के गाने लिखे हैं. इसके अलावा, उन्होंने ‘एक विलेन’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’, ‘बत्ती गुल मीटर चालू’, ‘कबीर सिंह’ और ‘केसरी’ जैसी फिल्मों में भी गाने लिखे.

–

एनएस/पीएम

Leave a Comment