Skip to content
Saturday, 28 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
स्वास्थ्य/चिकित्सा,राष्ट्रीय

शरीर से मन और आत्मा तक… योग के पांच कोशों में छिपा है संपूर्ण जीवन का रहस्य

शरीर से मन और आत्मा तक… योग के पांच कोशों में छिपा है संपूर्ण जीवन का रहस्य

New Delhi, 28 नवंबर . अक्सर जब भी योग की बात होती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहले आसन, प्राणायाम और ध्यान जैसी चीजें आती हैं, लेकिन योग का दायरा इससे कहीं ज्यादा बड़ा है. योग हमें सिर्फ शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का तरीका नहीं सिखाता, बल्कि अपने मन, विचारों, बुद्धि और भीतर छिपी चेतना को समझने का रास्ता भी दिखाता है. इसे समझाने के लिए आयुष मंत्रालय ने योग के पंचकोश सिद्धांत के बारे में बताया है.

दरअसल, पंचकोश का उल्लेख उपनिषदों में मिलता है. इसके अनुसार, इंसान का अस्तित्व केवल उसका शरीर नहीं है, बल्कि इसके पांच अलग-अलग आयाम हैं. इन्हें अन्नमय कोश, प्राणमय कोश, मनोमय कोश, विज्ञानमय कोश और आनंदमय कोश कहा जाता है. इन पांचों को समझकर हम अपने जीवन और स्वास्थ्य को एक व्यापक नजरिए से देख सकते हैं.

पंचकोश में सबसे पहला है अन्नमय कोश. इसका संबंध हमारे भौतिक शरीर से है. हम जो भोजन खाते हैं, उसी से शरीर को ऊर्जा और पोषण मिलता है. इसलिए इसे अन्नमय कोश कहा जाता है.

दूसरा है प्राणमय कोश, जिसका संबंध शरीर में मौजूद प्राण ऊर्जा और सांसों से है. हमारी सांसें केवल शरीर को जीवित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध हमारी ऊर्जा और सक्रियता से भी है. इस कोश को संतुलित रखने के लिए प्राणायाम, सांसों के प्रति जागरूकता और योग की शुद्धि क्रियाओं का अभ्यास किया जाता है. इससे व्यक्ति अपनी श्वास प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ पाता है.

तीसरा कोश मनोमय कोश है. इसका संबंध हमारे मन, भावनाओं और इंद्रियों से है. खुशी, दुख, गुस्सा, डर और चिंता जैसी भावनाएं इसी स्तर से जुड़ी हैं. मन को शांत और स्थिर रखने के लिए ध्यान, मंत्र जाप, त्राटक और एकाग्रता का अभ्यास उपयोगी माना जाता है. इससे व्यक्ति अपने विचारों और भावनाओं को बेहतर तरीके से समझने की कोशिश कर सकता है.

चौथा है विज्ञानमय कोश, जो हमारी बुद्धि, विवेक और समझ से जुड़ा है. यह हमें सही और गलत के बीच अंतर करने और जीवन में बेहतर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में मदद करता है. इसके लिए स्वाध्याय यानी खुद का अध्ययन, सत्संग, ज्ञान योग और एकाग्रता जैसे अभ्यासों पर जोर दिया जाता है.

पांचवां और अंतिम कोश आनंदमय कोश है. इसका संबंध आंतरिक आनंद और अपने अस्तित्व के व्यापक स्वरूप को समझने से है. इसमें व्यक्ति सीमित व्यक्तिगत सोच से आगे बढ़कर जीवन और पूरे संसार से जुड़ाव महसूस करने की कोशिश करता है. इसके लिए भक्ति योग, कर्म योग, भजन, सत्संग और योगिक परामर्श जैसे अभ्यासों का सहारा लिया जाता है.

–

पीआईएम/एबीएम

Share