Skip to content
Saturday, 21 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

लद्दाख में मतदान का उत्साह चरम पर, पंचायत चुनाव में रिकॉर्ड 70 प्रतिशत से ज्यादा वोट पड़े

लद्दाख में मतदान का उत्साह चरम पर, पंचायत चुनाव में रिकॉर्ड 70 प्रतिशत से ज्यादा वोट पड़े

लेह, 21 नवंबर . केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद लद्दाख में हुए पहले पंचायत और नगर परिषद चुनावों में मतदाताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली. युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, महिलाओं और पुरुषों, पहली बार वोट डालने वालों, भिक्षुओं और समाज के हर वर्ग के लोगों ने गांवों और कस्बों में पूरे उत्साह के साथ अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया.

पंचायत चुनावों में 70.03 प्रतिशत और नगर निकाय चुनावों में 52.40 प्रतिशत मतदान यह दर्शाता है कि यहां के लोगों की जमीनी लोकतंत्र और स्थानीय स्वशासन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता है. सच में, लद्दाख के लोगों ने लोकतंत्र को एक जीवंत उत्सव की तरह मनाया है.

पंचायत चुनावों में आठ जिलों के 192 पंचायत हलके शामिल थे, जिनमें सरपंच के 192 पद और पंच की 1,428 सीटें थीं. इनमें से 55 सरपंच और 1,186 पंच निर्विरोध चुने गए, जबकि बाकी 137 सरपंच और 242 पंच सीटों के लिए मतदान कराया गया.

नगर परिषद चुनावों में 38 वार्ड शामिल थे, जिनमें से 21 लेह में और 17 करगिल में थे. लेह के सभी 21 वार्डों में मतदान हुआ, जबकि करगिल में चार वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए और बाकी 13 वार्डों में मतदान कराया गया.

चुनाव अधिकारियों ने लद्दाख के भौगोलिक रूप से बिखरे हुए इलाकों में सुचारू रूप से मतदान कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे. दूर-दराज और सड़क मार्ग से पहुंच से बाहर तीन मतदान केंद्रों तक चुनाव टीमों को पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का उपयोग किया गया, जिससे सबसे अलग-थलग बस्तियों में भी चुनाव संपन्न हो सके. चुनाव कर्मियों, सुरक्षा एजेंसियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आपसी तालमेल के साथ काम किया. इसमें चुनाव सामग्री का परिवहन, मतदान दलों की तैनाती और मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करना शामिल था.

ये चुनाव लद्दाख भर में निर्वाचित पंचायतों और नगर परिषदों के गठन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं. ये संस्थाएं स्थानीय विकास प्राथमिकताओं, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए एक प्रतिनिधि मंच प्रदान करेंगी.

लद्दाख के लोगों ने मतदान के जरिए अपना विश्वास व्यक्त किया है. केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद हुए इन पहले स्थानीय निकाय चुनावों में लोगों की भारी भागीदारी, लद्दाख की लोकतांत्रिक यात्रा में एक अहम पड़ाव है. यह लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण, प्रतिनिधि संस्थाओं, भागीदारीपूर्ण शासन और जवाबदेह स्थानीय स्वशासन के लिए एक मजबूत आधार तैयार करता है.

–

एएसएच/एमएस

Share