राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 8 उम्मीदवारों की सूची जारी की

New Delhi, 5 अक्टूबर . भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से 8 उम्मीदवारों की सूची जारी की है. इस लिस्ट में दो महिलाओं को भी उम्मीदवार बनाया गया है.

भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है.

उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे , जबकि पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा. इन सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म हो रहा है. इसकी वजह से इन सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है.

इसके अलावा पश्चिम बंगाल में एक सीट खाली हुई है. यहां से तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य रुक्मिणी मल्लिक ने 16 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था. उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था. इसी खाली सीट को भरने के लिए उपचुनाव होगा.

चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तक है. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर Friday तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. मतदान 16 अक्टूबर को होगा. वोटिंग का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा. उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी. चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी.

चुनाव आयोग ने इस चुनाव के लिए एक खास नियम भी बताया है. वोट डालने के लिए बैलेट पेपर पर पसंद बताने के लिए केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट कलर के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा. किसी और पेन से वोट नहीं डाला जा सकेगा. आयोग ने कहा है कि चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

–

डीकेएम/वीसी

Leave a Comment