रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में जटायु के रूप में दिखेंगे अनुपम खेर, मेकर्स ने जारी किया पहला पोस्टर

Mumbai , 13 अक्टूबर . रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है. अब फिल्म के मेकर्स ने जटायु के किरदार का पहला पोस्टर जारी किया है. फिल्म में जटायु के किरदार को एक्टर अनुपम खेर अपनी आवाज देंगे. ‘द विंग्स ऑफ धर्मा’ टाइटल वाले इस पोस्टर में जटायु की तेज नजरों की झलक दिखाई गई है.

वहीं, दूसरे विजुअल में जटायु अपने विशाल पंख फैलाए नजर आ रहे हैं. मेकर्स फिल्म के अलग-अलग किरदारों के पोस्टर जारी कर रहे हैं और इसी कड़ी में जटायु का लुक सामने आया है.

मेकर्स ने social media पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ”जब बुराई ने उड़ान भरी, तो उसका सामना करने के लिए साहस खड़ा हुआ. उसने जीत के लिए नहीं, बल्कि सही के लिए लड़ाई लड़ी. जटायु. द विंग्स ऑफ धर्मा. ‘रामायण’ में जटायु के रूप में अनुपम खेर.”

रामायण की कहानी में जटायु का किरदार साहस, बलिदान और धर्म की मिसाल माना जाता है. जब रावण माता सीता का हरण करके उन्हें लंका ले जा रहा था, तब जटायु ने उसे रोकने की कोशिश की थी. वह जानते थे कि रावण से मुकाबला करना आसान नहीं होगा, इसके बावजूद उन्होंने सीता को बचाने के लिए उससे युद्ध किया. इस दौरान जटायु गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने अपनी आखिरी सांसों तक धर्म का साथ नहीं छोड़ा.

इससे पहले मेकर्स फिल्म से भगवान राम, कैकेयी और कुछ अन्य किरदारों के पोस्टर भी जारी कर चुके हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे.

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी. फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है.

फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट दीपावली 2027 पर रिलीज होगा. फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी.

–

पीके/एबीएम

Leave a Comment