Skip to content
Monday, 19 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

मौसम ने ली करवट, दिन में चुभेगी धूप तो रात में सताएगी हल्की ठंड, वायु प्रदूषण में भी आंशिक गिरावट

मौसम ने ली करवट, दिन में चुभेगी धूप तो रात में सताएगी हल्की ठंड, वायु प्रदूषण में भी आंशिक गिरावट

New Delhi, 19 अक्टूबर . राजधानी दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अब मौसम साफ रहने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिससे लोगों को धूप का आनंद मिलेगा. हालांकि, तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जहां दिन में गर्मी का एहसास होगा. वहीं, रात के वक्त हल्की ठंड लोगों का सामना कराएगी.

दिन का तापमान 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक के मौसम पर नजर डालें तो अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 19 और 20 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

वहीं, 21, 22 और 23 अक्टूबर को पारा चढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना रहेगा. 24 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन सभी दिनों के लिए किसी भी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की है.

लंबी छुट्टी के चलते दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार देखने को मिल रहा है. शहर के कई हिस्से ग्रीन और यलो जोन में बने हुए हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो बदरपुर में एक्यूआई 83 दर्ज किया गया है, जो ‘संतोषजनक’ (ग्रीन जोन) श्रेणी में आता है. इसके अलावा अशोक विहार में 104, आनंद विहार में 110, कैंटोनमेंट एरिया में 121, बुराड़ी में 123, आया नगर में 129, बुराड़ी क्रॉसिंग में 136, बवाना में 144 और अलीपुर में एक्यूआई 145 दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ (यलो जोन) श्रेणी में आते हैं.

दिल्ली के मुकाबले एनसीआर के कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब देखी जा रही है. ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 225 और नॉलेज पार्क-5 में 215 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ (ऑरेंज जोन) श्रेणी में आता है.

वहीं, गाजियाबाद में हालात अधिक गंभीर हैं. लोनी में वायु गुणवत्ता सूचकांक 243 तक पहुंच गया है, जो लाल निशान (खराब श्रेणी) के काफी करीब है. गाजियाबाद के अन्य इलाकों में वसंधरा में 218, वेव सिटी में 171, संजय नगर में 162, वेद विहार-लोनी में 119 और गोविंदपुरम में 112 एक्यूआई दर्ज किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, अभी हवा की रफ्तार ठीक बनी हुई है, जिससे प्रदूषण ज्यादा नहीं फैल रहा है. लेकिन जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी और हवा की रफ्तार धीमी होगी, वायु गुणवत्ता में और गिरावट देखने को मिल सकती है.

–

पीकेटी/डीसीएच

Share