‘मैं पैसे के लिए फिल्में नहीं बनाता’, टॉम क्रूज ने बताया फिल्मों के पीछे का असली मकसद

Mumbai , 14 अक्टूबर . हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘डिगर’ को लेकर चर्चाओं में है. फिल्म के प्रमोशन के लिए हाल ही में वह जापान के टोक्यो में गए और फिल्ममेकर एलेजांद्रो इनारितु के साथ मिलकर अपनी फिल्म पेश की.

इस दौरान उन्होंने जापान के लोगों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि इस देश में आना और यहां के लोगों से इतना प्यार मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है.

टॉम क्रूज ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह जापान के साथ अपने जुड़ाव और फिल्मों के प्रति अपने प्यार के बारे में बात करते नजर आए. वीडियो में उन्होंने कहा, ”बचपन में मेरा सपना दुनिया देखने का था. मैं यह देश पहली बार कब आया था, इसे कभी नहीं भूल सकता. यहां की संस्कृति, कला और इतिहास से प्यार हो जाना स्वाभाविक है.”

उन्होंने आगे कहा, ”आज का दिन मेरे लिए बेहद खास है. मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं अपना सपना जी रहा हूं और आपके लिए फिल्में बना पा रहा हूं. यह मेरे लिए बहुत खास है. मैं पैसे के लिए फिल्में नहीं बनाता. मैं ऐसा इसलिए करता हूं, क्योंकि मुझे लोगों, जिंदगी और कला में दिलचस्पी है.”

वहीं, वीडियो में फिल्ममेकर एलेजांद्रो इनारितु कहते हैं, ”टॉम क्रूज दुनिया के बेहतरीन एक्टर्स में से एक है. उनके साथ काम करने के लिए मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं. फिल्म में बेहतरीन स्टारकास्ट है. एक स्टूडियो ने ऐसी फिल्म पर भरोसा जताया, जिसे बनाना काफी जोखिम भरा था.”

इसके बाद टॉम वीडियो में आगे कहते हैं, ”मैं ऐसी फिल्में बनाना चाहता हूं, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाए. दुनिया और जिंदगी बदलती रहती है, लेकिन कहानी कहने का तरीका अपनी जगह कायम रहता है. जापान में मिले प्यार के लिए मैं लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं. मुझे यहां से जाने के बाद इस जगह की याद आएगी.”

इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए टॉम ने कैप्शन में लिखा, ”जापान के शानदार लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने इस बार और इस खूबसूरत देश के मेरे हर दौरे को खास बनाया.”

बता दें कि ‘डिगर’ में टॉम क्रूज डिगर रॉकवेल का किरदार निभा रहे हैं, जो दुनिया का सबसे ताकतवर व्यक्ति है. वह एक ऐसे मिशन पर निकलता है, जिसमें उसे यह साबित करना है कि वही इंसानियत को बचा सकता है. लेकिन उसके ही कारण शुरू हुई एक बड़ी तबाही सब कुछ खत्म करने की कगार पर पहुंच जाती है.

फिल्म में टॉम के अलावा सैंड्रा हुलर, जॉन गुडमैन, माइकल स्टुहलबर्ग, जेसी प्लेमन्स, सोफी वाइल्ड, रिज अहमद और एमा डी’आर्सी भी नजर आएंगे. फिल्म को टॉम क्रूज और एलेजांद्रो इनारितु ने प्रोड्यूस किया है.

–

पीके/एएस

Leave a Comment