Skip to content
Thursday, 19 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

मुझे उम्मीद है कि खेल भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक मजबूत सेतु बना रहेगा: अजिंक्य रहाणे

मुझे उम्मीद है कि खेल India और न्यूजीलैंड के बीच एक मजबूत सेतु बना रहेगा: अजिंक्य रहाणे

New Delhi, 19 नवंबर . India के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि खेल अगले 100 वर्षों तक India और न्यूजीलैंड के बीच एक मजबूत सेतु बना रहेगा. उन्होंने कहा कि खेल का प्रभाव केवल मैदान पर मिलने वाले नतीजों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उससे कहीं आगे तक जाता है.

रहाणे ‘स्पोर्ट न्यूजीलैंड इही आओटेरोआ’ द्वारा आयोजित ‘भारत-न्यूजीलैंड: खेल के जरिए एकता के 100 साल’ कार्यक्रम में बोल रहे थे. इस कार्यक्रम में उनके साथ न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्रांट इलियट और न्यूजीलैंड की पूर्व हॉकी खिलाड़ी जेम्मा मैककॉ भी एक पैनल का हिस्सा थीं.

न्यूजीलैंड में चल रही India की मल्टी-फॉर्मेट सीरीज दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रही है. इस जश्न में क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, बॉल्स और कई अन्य खेलों को शामिल किया गया है.

लिंक्डइन पर एक पोस्ट में रहाणे ने कहा, “जैसे-जैसे India और न्यूजीलैंड अगले 100 वर्षों की ओर देख रहे हैं. मुझे उम्मीद है कि खेल हमारे दोनों देशों के बीच एक मजबूत सेतु बना रहेगा. यह युवा खिलाड़ियों और एथलीटों को प्रेरित करेगा, नए अवसर पैदा करेगा और प्रशंसकों को एक साथ लाएगा.”

दोनों देशों के बीच खेल संबंधों का इतिहास एक सदी पुराना है. इसकी शुरुआत 1926 में हुई थी, जब भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था. इसी दौरे ने पहली बार दोनों देशों के खिलाड़ियों और समुदायों को एक-दूसरे के करीब लाया था. बातचीत के दौरान ‘खेल के बाद के जीवन’ पर भी चर्चा हुई. रहाणे ने बताया कि उनके साथ पैनल में मौजूद खिलाड़ियों ने संन्यास लेने के बाद किस तरह अपने खुद के व्यवसाय शुरू किए हैं.

उन्होंने कहा, “वेलनेस के क्षेत्र में जेम्मा का बिजनेस और खेल उपकरण के क्षेत्र में ग्रांट का बिजनेस इस बात के बेहतरीन उदाहरण हैं कि कैसे खिलाड़ी अपने खेल करियर के दौरान मिले अनुभवों, सीख और रिश्तों को अपने नए पेशेवर जीवन में भी काम ला सकते हैं.”

38 वर्षीय रहाणे ने इस साल की शुरुआत में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था. उन्होंने कहा कि वह हमेशा से ही उनके निष्पक्ष खेल और खेल के प्रति उनके प्रतिस्पर्धी जज्बे की तारीफ करते रहे हैं और यह जज्बा उनके मैदान के बाहर के जीवन में भी देखने को मिलता है. उन्होंने कहा, “खिलाड़ी होने के नाते, हम स्वाभाविक रूप से उन मजबूत व्यवसायों से खुद को जोड़ पाते हैं, क्योंकि हमने अपने पेशेवर करियर में कई तरह के अनुभव लिए हैं. इस सफर में हमें कई व्यावसायिक अवसर मिलेंगे, लेकिन हम हर एक को नहीं अपना सकते. ऐसे व्यावसायिक साझेदार खोजना जरूरी है जिन पर हम भरोसा कर सकें, जिनके साथ काम कर सकें और कुछ चुनिंदा उपक्रमों में सार्थक योगदान दे सकें. हर व्यवसाय की अपनी अलग जरूरतें और अवसर होते हैं, जहां हम अपने खेल करियर के दौरान हासिल किए गए अनुभव और इक्विटी के जरिए मूल्य जोड़ सकते हैं. संस्थापकों के साथ मिलकर यह समझना जरूरी है कि हम उनके संगठनों में किस तरह से योगदान दे सकते हैं.”

–

एसएम/एबीएम

Share