
बुलढाणा, 29 सितंबर . Maharashtra के बुलढाणा जिले के खामगांव में त्योहारी मौसम के बीच अन्न एवं औषध प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाद्य प्रतिष्ठान से करीब 3.51 करोड़ रुपए मूल्य का रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया है. विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और तेल की गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर यह कार्रवाई की.
एफडीए के बुलढाणा विभाग ने 28 सितंबर को खामगांव एमआईडीसी स्थित मैसर्स एएम ओएल्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में छापेमारी की. जांच के दौरान प्रतिष्ठान में बड़ी मात्रा में खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल भंडारित पाया गया.
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान वैध खाद्य लाइसेंस के बिना खाद्य व्यवसाय का संचालन कर रहा था. साथ ही, तेल की गुणवत्ता को लेकर भी संदेह जताया गया, जिसके चलते कार्रवाई की गई.
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने तेल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए. वहीं, करीब 2,48,845.4 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 3,50,87,201.40 रुपए है, जब्त कर लिया गया.
एफडीए ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Maharashtra एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है. उन्होंने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने या घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री में शामिल प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
इससे पहले, 22 सितंबर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की गहन कार्रवाई के तहत लगभग 30.82 लाख रुपए मूल्य का संदिग्ध, मिलावटी, गलत लेबल वाला और घटिया घी, खोवा, पेड़ा, गुड़, तेल, चाय पाउडर, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए गए थे.
–
एएसएच/डीकेपी