Skip to content
Sunday, 29 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
समाज,राजनीति,व्यापार,राष्ट्रीय

भारत ने 12 वर्षों में कैसे 49.6 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला?

India ने 12 वर्षों में कैसे 49.6 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला?

New Delhi, 29 नवंबर . India में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए. इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों के लिए निर्धारित गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली आबादी का अनुपात हर 10 में करीब छह लोगों से घटकर दो से भी कम रह गया. यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई है.

जिम्बाब्वे के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘जिम नाउ’ पर प्रकाशित एक लेख में विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की ‘पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ’ रिपोर्ट का हवाला दिया गया है. इसमें India को पिछले एक दशक में दुनिया में गरीबी में सबसे तेज गिरावट दर्ज करने वाले देशों में शामिल किया गया है.

रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2023 के बीच India की आबादी में प्रतिदिन 4.20 डॉलर की निम्न-मध्यम आय वाली गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों का अनुपात 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत रह गया. वहीं, प्रतिदिन 3 डॉलर की आय के आधार पर मापी जाने वाली अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर महज 2.6 प्रतिशत रह गई.

दोनों गरीबी रेखाएं 2021 की क्रय शक्ति समता के आधार पर मापी गई हैं. इसमें अलग-अलग देशों में पैसे की क्रय शक्ति यानी एक ही रकम से खरीदी जा सकने वाली वस्तुओं और सेवाओं के अंतर को ध्यान में रखा जाता है.

हालांकि, गरीबी का आकलन केवल इस आधार पर नहीं किया जाता कि किसी व्यक्ति के पास कितनी आय है. यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि किसी परिवार को शिक्षा, बिजली, स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं.

रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑक्सफोर्ड पॉवर्टी एंड ह्यूमन डेवलपमेंट इनिशिएटिव के बहुआयामी गरीबी सूचकांक के अनुसार, India में बहुआयामी गरीबी 2005-06 में 53.8 प्रतिशत थी, जो 2019-21 में घटकर 16.4 प्रतिशत रह गई.

वहीं, विश्व बैंक ने अपने अलग आकलन के आधार पर 2022-23 में India की बहुआयामी गरीबी दर 15.5 प्रतिशत दर्ज की. हालांकि, ये आंकड़े अलग-अलग समयावधि और अलग-अलग तरीकों से जुटाए गए हैं, लेकिन सभी लोगों के जीवन स्तर में बड़े सुधार की ओर संकेत करते हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, 2022 तक India में हर 100 में से 99 लोगों को बिजली की सुविधा उपलब्ध थी. किसी परिवार के लिए बिजली का मतलब है कि बच्चे सूर्यास्त के बाद भी पढ़ाई कर सकते हैं, खाने-पीने की चीजों को रेफ्रिजरेटर में सुरक्षित रखा जा सकता है और छोटे कारोबार अपने कामकाज के घंटे बढ़ा सकते हैं.

महत्वपूर्ण बात यह है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के परिवारों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. ग्रामीण India में तेजी से हुई प्रगति ने दोनों क्षेत्रों के बीच के अंतर को कम करने में मदद की है.

India का अनुभव दिखाता है कि आर्थिक विकास का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका लाभ आम नागरिकों के दैनिक जीवन में सुधार के रूप में दिखाई दे.

हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बुनियादी सुविधाओं के मामले में अभी कई चुनौतियां बनी हुई हैं. वर्ष 2022 में India के लगभग हर 10 में से तीन लोगों को सीमित सेवा मानकों के अनुरूप स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, जबकि 6.4 प्रतिशत आबादी को इन मानकों के अनुरूप पेयजल की सुविधा नहीं मिल रही थी.

–

एबीएस

Share