
मोतिहारी, 12 सितंबर . बिहार के पूर्वी चंपारण में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ Police ने कार्रवाई तेज कर दी है. Police की सख्ती और मामलों में प्रभावी अभियोजन के परिणामस्वरूप पिछले दो वर्षों में ड्रग्स तस्करी से जुड़े 100 तस्करों को न्यायालय से सजा दिलाई गई है. इनमें 64 तस्करों को सात वर्ष या उससे अधिक की सजा सुनाई गई है, जबकि कुछ मामलों में दोषियों को अधिकतम 18 वर्ष तक के कठोर कारावास की सजा मिली है.
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के Police अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने युवाओं से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि तस्करी के मामलों में कानून में कड़ी सजा का प्रावधान है. Police अधीक्षक के मुताबिक, जिले में ड्रग्स तस्करी से संबंधित करीब 500 आरोपी फिलहाल अंडरट्रायल हैं और उनके मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं. Police इन मामलों में भी साक्ष्य संकलन और प्रभावी पैरवी के जरिए दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में काम कर रही है.
सजायाफ्ता मामलों की सूची में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दोषसिद्धि के मामले शामिल हैं. सजायाफ्ता तस्करों के मामलों से ड्रग्स के अवैध कारोबार की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. सूची के अनुसार, पूर्वी चंपारण के मामलों में समीर शाह उर्फ चेलवा और सलमान शाह उर्फ चेलवा को चरस के मामले में 14-14 वर्ष के कारावास की सजा मिली. दोनों के मामले घोड़ासहन थाना कांड संख्या 405/21 से जुड़े हैं और एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत दोषसिद्धि हुई है.
इसी तरह सुरेश प्रसाद कुशवाहा को रामगढ़वा थाना कांड संख्या 277/23 में 3 किलो 782 ग्राम चरस के मामले में 14 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई. Police रिकॉर्ड के मुताबिक प्यारे लाल साह को पलनवा थाना कांड संख्या 19/08 में 163 किलो गांजा के मामले में 14 वर्ष का कारावास मिला. वहीं पन्नालाल दास को रामगढ़वा थाना कांड संख्या 21/23 में 5 किलो 72 ग्राम चरस के मामले में 14 वर्ष की सजा हुई.
विशाल पटेल को सुगौली थाना कांड संख्या 462/21 में 151 किलो 600 ग्राम गांजा के मामले में 14 वर्ष का कारावास सुनाया गया. अकरम शेख को रक्सौल थाना कांड संख्या 52/17 में पांच किलो 100 ग्राम चरस के मामले में 13 वर्ष की सजा मिली. एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि ड्रग्स का कारोबार युवाओं और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है.
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तस्करी के किसी भी लालच या नेटवर्क का हिस्सा न बनें. उन्होंने कहा कि कम समय में अधिक पैसा कमाने के चक्कर में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होना भविष्य बर्बाद कर सकता है. Police नशे के नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई करती रहेगी और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने का प्रयास जारी रहेगा.
–
एमएनपी/डीकेपी