बिहार: गोपालगंज में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग, 20 लोग झुलसे, पांच की हालत नाजुक

गोपालगंज, 13 अक्टूबर . बिहार के गोपालगंज जिले में Tuesday को गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए विस्फोट से एक घर में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 20 लोग झुलसकर घायल हो गए. घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है. इनमें से 17 लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पांच घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है.

यह घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव की है. बताया जा रहा है कि गांव निवासी प्रेमनाथ मांझी के घर नया गैस सिलेंडर आया था. घर में दीया जलाने के दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर में विस्फोट हो गया. इसकी चपेट में आने से घर में मौजूद कई लोग झुलस गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

घायलों में शिलानाथ मांझी, कुसुम देवी, नेहा कुमारी, पिंकी कुमारी, कंचन कुमारी, चमेली कुमारी, कुंदन कुमार, आयोग कुमार और बेबी देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं. इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया.गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ खुद सदर अस्पताल पहुंचे और वहां कैंप कर घायलों के इलाज की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं.

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर से आग लगने के कारण यह हादसा हुआ है. घटना की जांच कराई जा रही है. प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है.

वहीं, सिविल सर्जन मोहम्मद इजरायल ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों की स्थिति नाजुक है. उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है. प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच के साथ घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है.

–

एमएनपी/डीकेपी

Leave a Comment