
गोपालगंज, 29 अगस्त . बिहार के गोपालगंज जिले में Saturday को दर्दनाक हादसे में सेफ्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से चार मजदूरों की मौत हो गई. घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही गोपाल गांव की है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और Police अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. बताया जा रहा है कि गांव में एक सेफ्टिक टैंक का निर्माण कराया गया था. Saturday को मजदूर टैंक के अंदर लगी सटरिंग खोलने का काम कर रहे थे. इसी दौरान एक मजदूर अचानक टैंक के अंदर फंस गया. उसे बचाने के लिए तीन अन्य मजदूर भी एक-एक कर टैंक के अंदर चले गए. कुछ ही देर बाद चारों मजदूर अंदर ही बेहोश हो गए.
आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से चारों की मौत हुई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों की निगरानी में बचाव अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों के शवों को सेफ्टिक टैंक से बाहर निकाला गया.
मृतकों की पहचान बंटी बैठा उर्फ राकेश, जावेद आलम उर्फ टीपू, उमेश यादव और शबे आलम के रूप में हुई है. हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. सभी मृतक इसी गांव के रहने वाले थे. प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं.
जांच टीम हादसे के कारणों के साथ-साथ निर्माण कार्य के दौरान अपनाए गए सुरक्षा मानकों की भी जांच करेगी. प्रशासन की ओर से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सेफ्टिक टैंक के अंदर काम करने से पहले मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं. अधिकारियों ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है. प्रशासन ने मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है.
–
एमएनपी/डीएससी