
Patna, 5 अक्टूबर . Patna स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपना नामांकन पत्र भरा. जदयू के कई नेता अपना समर्थन देने वहां पहुंचे. इस मौके पर बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने जीत की उम्मीद जताते हुए कहा कि नीरज कुमार को जनता का आशीर्वाद मिलेगा.
राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “एनडीए के उम्मीदवार की जीत होगी, कोई कहीं भी जाए.”
बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, “नीरज कुमार के नामांकन में मैं आया हूं. साथ ही नवल किशोर यादव का भी नामांकन हो रहा है. दोनों एनडीए के उम्मीदवार हैं. एक शिक्षक से हैं और एक स्नातक से हैं. पहले भी जीतते रहे हैं और आगे भी जीतते रहेंगे. सबका आशीर्वाद इन्हें मिलता रहा है और फिर से मिलेगा. इन्होंने संघर्ष और मेहनत से अपनी पहचान बनाई है. अपने वोटरों का बहुत ख्याल रखा और आवाज बनने का काम किया है. इन्हें फिर से आशीर्वाद मिल जाएगा. शिक्षक और स्नातक वाले जितने लोग हैं, सब इन्हें वोट करेंगे.”
इसके अलावा, मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि जदयू पार्टी नेतृत्व इसे देख रही है. 100 फीसदी जीत की उम्मीद है.
नीरज कुमार ने कहा कि जनता और कार्यकर्ता बल हैं. यही पूंजी है. भगवती का आशीर्वाद है, चुनाव हम जीते हैं और जीतेंगे. नामांकन से पहले जेडीयू के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार ने चुनाव की तैयारियों पर कहा, “हमारे कार्यकर्ता खुद तैयार रहते हैं. नीतीश कुमार, निशांत कुमार और संयोग से मेरा भी नाम ‘न’ से शुरू होता है. तो जब नीतीश कुमार का आशीष मिला हुआ हो, निशांत कुमार जी का प्रचार शुरू हो गया हो, तो मुकाबला शानदार और जानदार होगा.”
नीरज कुमार ने अनंत सिंह के विरोध पर कहा, “अरे भाई, जो मतदाता है, उसने कभी कहा क्या कि हम भितरघात करेंगे? हम तो राजनीति में विरोधियों पर भाषाई घात करते हैं. मैंने काम किया है और जनता मौका देगी तो काम करते हुए विकसित बिहार की ओर आगे बढ़ेंगे. जनसुराज और आरजेडी के उम्मीदवारों को पोलिंग एजेंट भी नहीं मिलेंगे.”
–
केके/वीसी