‘बिना सहमति के ऐसा करना गलत’, यामी गौतम ने तस्वीरों को एआई से एडिट करने वालों को किया आगाह

Mumbai , 4 अक्टूबर . एआई की मदद से फेक और मॉर्फ्ड कंटेंट बनाए जाने के बढ़ते मामलों के बीच एक्ट्रेस यामी गौतम ने अपनी तस्वीरों और वीडियो को लेकर लोगों से खास अपील की. एक्ट्रेस ने कहा कि उनकी पब्लिक अपीयरेंस की तस्वीरों के साथ एआई का इस्तेमाल कर किसी भी तरह की छेड़छाड़ न की जाए. अगर किसी तस्वीर को बेहतर दिखाने के लिए भी एडिट किया जा रहा है, तो ऐसा करने से बचना चाहिए.

बता दें कि यामी की यह social media पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब हाल ही में फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ से जुड़ा एक मॉर्फ्ड वीडियो इंटरनेट पर सामने आया था. हालांकि यामी ने अपनी पोस्ट में किसी भी वीडियो का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने एआई के जरिए किसी की तस्वीर या पहचान में बदलाव किए जाने को लेकर अपनी बात स्पष्ट तौर पर रखी.

यामी ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कृपया पब्लिक अपीयरेंस के दौरान ली गई मेरी तस्वीरों को एआई की मदद से बदलने या बेहतर बनाने से बचें. तस्वीरों का इस्तेमाल उनके ओरिजिनल रूप में ही करें. किसी व्यक्ति की जानकारी और सहमति के बिना एआई की मदद से उसकी तस्वीर या पहचान में बदलाव या छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए. मेरी इस अपील का सम्मान करने के लिए पहले से धन्यवाद.”

यामी गौतम इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर भी चर्चा में हैं. फिल्म में वह मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी. यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें परिवार, ह्यूमर, इमोशन, फैंटेसी और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा.

अपने किरदार मोहिनी के बारे में बात करते हुए यामी ने कहा, ”मुझे इस किरदार की सबसे खास बात यही लगी कि वह वैसी बिल्कुल नहीं है, जैसी पहली नजर में सबको दिखाई देती है. मोहिनी के किरदार में एक अपनापन और गर्मजोशी है, लेकिन उसके साथ एक रहस्य भी जुड़ा हुआ है, जो धीरे-धीरे सामने आता है. फिल्म के डायरेक्टर और पूरी टीम के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा.”

‘नई नवेली’ को आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने मिलकर प्रोड्यूस किया हैं. यह फिल्म दशहरे से पहले 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

–

पीके/एएस

Leave a Comment