
इस्लामाबाद, 26 अगस्त . Pakistan के इस्लामाबाद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि इस्लामाबाद के Pakistan इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के गायनेकोलॉजी वार्ड में भीषण आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई.
पीआईएमएस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के समय नर्सरी में 16 नवजात शिशु थे. इन 16 शिशुओं में से केवल एक को ही प्रभावित इलाके से समय रहते बचाया जा सका जबकि बाकी बच्चे आग में जिंदा जल गए. Pakistan के प्रमुख मीडिया संस्थान जियो टीवी के अनुसार, बचाव कार्य से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कथित तौर पर एयर-कंडीशनर का कंप्रेसर फटने से सुबह करीब 6:45 बजे नर्सरी में आग लगी.
बचाव अधिकारियों ने बताया कि फायर फाइटिंग टीमों के अस्पताल पहुंचने और ऑपरेशन शुरू करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया. आग बुझाने के बाद भी टीमें घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन करती रहीं ताकि आग के दोबारा भड़कने की कोई संभावना न रहे. जिला प्रशासन के अनुसार, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) वार्ड की तीसरी मंजिल पर लगी आग में 14 बच्चे पूरी तरह जल गए. प्रशासन ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद बचाव कर्मियों ने कार्रवाई की.
जिला प्रशासन ने बताया कि आपातकालीन कार्रवाई के तहत फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस तैनात की गईं. इस घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था, खासकर कमजोर नवजात बच्चों वाले वार्ड में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिला प्रशासन ने आग लगने की परिस्थितियों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है.
अधिकारियों ने कहा कि जांच से उन परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा, जिनके कारण नवजात शिशुओं की मौत हुई और आपातकालीन स्थिति में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी. घटना और जांच समिति के निष्कर्षों के बारे में और जानकारी का इंतजार है.
–
एसडी/पीएम