
Mumbai , 13 अक्टूबर . अक्सर हम जिंदगी में आगे तो बढ़ जाते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते और उनसे जुड़ी यादें दिल में हमेशा बनी रहती हैं. इसी तरह की भावनाओं को ‘जाने किस मोड़ पे’ गाना पेश करता है. यह गाना अपकमिंग फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का नया ट्रैक है, जिसे सिंगर दर्शन रावल ने गाया है.
उन्होंने बताया कि गाने में पुराने रिश्तों से दोबारा जुड़ने की खुशी, मन में उठने वाली हल्की बेचैनी और बीते दिनों को फिर से जीने का एहसास है.
दर्शन रावल ने कहा, ”मुझे इस गाने की सबसे खास बात इसका पुरानी यादों से जुड़ा एहसास और इसमें छिपी उम्मीद लगी. मैं चाहता हूं कि गाना सुनने वाले लोग भी अपनी जिंदगी के उन खास पलों को याद करें, जिनका उनके दिल में आज भी अलग स्थान है. कभी-कभी किसी ऐसे इंसान से दोबारा मिलने का ख्याल भी अपने आप में खास होता है, जो कभी हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा हो. ऐसे में मन में कई सवाल उठते हैं कि इतने समय बाद मिलने पर कैसा लगेगा और क्या पहले जैसा अपनापन महसूस होगा.”
गाने के म्यूजिक कंपोजर रोचक कोहली ने भी इसके पीछे की भावना के बारे में बात की. उन्होंने कहा, “यह एक ऐसे सफर की तरह है, जिसमें इंसान को पता नहीं होता कि आखिर में उसके लिए क्या इंतजार कर रहा है. म्यूजिक के जरिए हमने उस उत्साह और घबराहट को दिखाने की कोशिश की है, जो कई साल बाद अपने पहले क्रश से मिलने पर महसूस होती है. दर्शन रावल की आवाज गाने में गर्मजोशी और एक अलग एहसास लेकर आती है, जबकि गीतकार गुरप्रीत सैनी के बोल इस भावना को और खूबसूरती से सामने रखते हैं.”
गीतकार गुरप्रीत सैनी ने कहा, ”’जाने किस मोड़ पे’ प्यार की उम्मीद और जिंदगी में अनजाने तरीकों से मिलने वाले रिश्तों की कहानी कहता है. मैंने गाने के बोल बेहद आसान रखे हैं, ताकि वे फिल्म के किरदारों की भावनाओं से मेल खा सकें. फिल्म की कहानी में किरदार स्कूल रीयूनियन के लिए एक साथ आगे बढ़ते हैं. हर किसी के मन में दोस्ती के साथ रोमांस की भी एक उम्मीद है. गाने में जवानी, दोस्ती और रोमांस का खूबसूरत मेल है, जिसे रोचक के म्यूजिक ने जीवंत बना दिया है.”
फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के मेकर्स ने हाल ही में इस गाने को रिलीज किया है. इसमें स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्या, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा नजर आ रहे हैं. सभी इस फिल्म के जरिए डेब्यू कर रहे हैं. गाने को टी-सीरीज म्यूजिक पर रिलीज किया गया है.
लव फिल्म्स के बैनर तले पेश की जा रही फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है. फिल्म को लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
–
पीके/एबीएम