Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
स्वास्थ्य/चिकित्सा,विज्ञान/प्रौद्योगिकी

न्यूलैंड लैब्स का दूसरी तिमाही मुनाफा 47 प्रतिशत लुढ़का, राजस्व और मार्जिन दोनों पर दबाव

न्यूलैंड लैब्स का दूसरी तिमाही मुनाफा 47 प्रतिशत लुढ़का, राजस्व और मार्जिन दोनों पर दबाव

New Delhi, 3 नवंबर . हैदराबाद स्थित फार्मास्युटिकल कंपनी न्यूलैंड लैबोरेटरीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कमजोर वित्तीय नतीजे दर्ज किए हैं. कंपनी का शुद्ध लाभ (पीएटी) सालाना आधार पर लगभग 47 प्रतिशत घटकर 51.6 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 96.9 करोड़ रुपए रहा था.

स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, कंपनी का परिचालन राजस्व भी दबाव में रहा. सितंबर तिमाही में राजस्व 12.5 प्रतिशत घटकर 449.7 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 514.2 करोड़ रुपए था.

कंपनी की परिचालन लाभप्रदता में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. ईबीआईटीडीए (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय) 37.2 प्रतिशत घटकर 97.6 करोड़ रुपए रह गया, जबकि एक साल पहले यह 155.5 करोड़ रुपए था.

मार्जिन पर दबाव का असर ईबीआईटीडीए मार्जिन में भी दिखाई दिया. कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन पिछले वर्ष की समान तिमाही के 30.2 प्रतिशत से घटकर 21.7 प्रतिशत रह गया. इससे संकेत मिलता है कि लागत दबाव और अपेक्षाकृत कमजोर राजस्व वृद्धि ने कंपनी के मुनाफे को प्रभावित किया है.

वर्ष 1984 में स्थापित न्यूलैंड लैबोरेटरीज वैश्विक स्तर पर सक्रिय फार्मा विनिर्माण कंपनी है और 80 से अधिक देशों में अपनी उपस्थिति रखती है. कंपनी मुख्य रूप से तीन व्यवसायिक क्षेत्रों में काम करती है, जिनमें जेनेरिक ड्रग सब्सटेंसेस (जीडीएस), कस्टम मैन्युफैक्चरिंग सॉल्यूशंस (सीएमएस/सीडीएमओ) और पेप्टाइड एपीआई (एपीआई) शामिल हैं.

कंपनी दुनिया भर की फार्मास्युटिकल और बायोटेक कंपनियों को प्री-क्लीनिकल एवं क्लीनिकल चरण के विकास से लेकर व्यावसायिक स्तर के उत्पादन तक एंड-टू-एंड विनिर्माण और विकास सेवाएं प्रदान करती है.

न्यूलैंड लैब्स के विनिर्माण संयंत्र तेलंगाना के बोंथापल्ली, पाशमायलाराम और गड्डापोथाराम में स्थित हैं. कंपनी को यूएस एफडीए, ईडीक्यूएम (यूरोप), पीएमडीए (जापान) और टीजीए (ऑस्ट्रेलिया) सहित कई प्रमुख वैश्विक नियामक संस्थाओं से मंजूरी प्राप्त है.

कंपनी का नेतृत्व डॉ. दावुलुरी राम मोहन राव (एग्जीक्यूटिव चेयरमैन), दावुलुरी सुचेत राव (एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन) और सहर्ष दावुलुरी (सीईओ एवं प्रबंध निदेशक) कर रहे हैं. कंपनी में 2,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 360 से ज्यादा वैज्ञानिक अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों से जुड़े हैं.

–

डीबीपी

Share