
नैनीताल, 28 सितंबर . सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है. बीते तीन दिनों से जारी बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है. बारिश के बीच बढ़ी ठंड ने उन पर्यटकों की परेशानी बढ़ा दी है, जो बिना पर्याप्त गर्म कपड़ों के नैनीताल घूमने पहुंचे हैं. अब पर्यटक ठंड से बचने के लिए स्थानीय बाजारों का रुख कर रहे हैं.
नैनीताल के बाजारों में इन दिनों जैकेट, स्वेटर और अन्य गर्म कपड़ों की खरीदारी करते पर्यटक नजर आ रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद गर्म कपड़ों की मांग में इजाफा हुआ है. खासकर बारिश के दौरान ठंडी हवाएं चलने से हल्के कपड़ों में घूमना मुश्किल हो रहा है.
दिल्ली से पहुंची पर्यटक गरिमा ने बताया कि शुरुआत में नैनीताल का मौसम उन्हें काफी अच्छा लगा था, लेकिन पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण ठंड काफी बढ़ गई है. वह सर्दियों के कपड़े लेकर नहीं आए थे, जिसके चलते अब बाजार से जैकेट और अन्य गर्म कपड़े खरीदने पड़ रहे हैं.
वहीं Madhya Pradesh से आए पर्यटक अवनीश ने बताया कि नैनीताल में इस समय ठंडी हवाएं काफी तेज चल रही हैं. बारिश के बाद ठंड और ज्यादा महसूस हो रही है. वह भी गर्म कपड़े लेकर नहीं आए थे, इसलिए अब स्थानीय बाजार से गर्म कपड़ों की खरीदारी करनी पड़ रही है.
भोटिया मार्केट के गर्म कपड़ों के दुकानदार दिनेश भोटिया के मुताबिक नैनीताल में ठंड की शुरुआत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद ठंड में और इजाफा हुआ है. हल्की जैकेट की जगह अब पर्यटक मोटी जैकेट, स्वेटर और अन्य ऊनी कपड़ों की मांग कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अगर आप आने वाले दिनों में नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम का अपडेट जरूर देख लें. लगातार बारिश और ठंडी हवाओं को देखते हुए अपने साथ गर्म जैकेट, स्वेटर और अन्य ऊनी कपड़े जरूर रखें. पहाड़ी मौसम में बारिश के दौरान तापमान तेजी से बदल सकता है, ऐसे में पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखना आपके सफर को ज्यादा आरामदायक बना सकता है. वहीं आप नैनीताल के बाजार से भी गरम कपड़ों की खरीददारी कर सकते हैं.
–
पीआईएम/एएस