
Mumbai , 28 सितंबर . सिनेमाघरों में इन दिनों अलग-अलग जॉनर की फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं. बीते हफ्ते साउथ सुपरस्टार नानी की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी, वहीं इसके बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फैंटेसी फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज हुई.
दोनों फिल्मों की कहानी एक-दूसरे से काफी अलग है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर दोनों ही शानदार कमाई कर रही है. वीकेंड पर ‘द वन’ की कमाई में जबरदस्त बढ़त देखने को मिली, जबकि ‘द पैराडाइज’ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए के आंकड़े के करीब पहुंच गई.
सबसे पहले बात सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की करते हैं. दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज हुए तीन दिन हो गए है. फिल्म ने पहले दिन 8 करोड़ रुपए की नेट कमाई की थी. इसके बाद Saturday को कमाई बढ़कर 11.25 करोड़ रुपए पहुंच गई. Sunday को फिल्म ने और तेजी पकड़ी और 14 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया. इस तरह तीन दिनों में ‘द वन’ का कुल कलेक्शन 33.25 करोड़ रुपए हो गया है. वीकेंड पर इसे दर्शकों का बेहतर रिस्पॉन्स मिला.
‘द वन’ की कहानी बिहार के एक गांव और वहां के जंगल से जुड़ी लोककथा पर आधारित है. फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ऋषि का किरदार निभाया है, जो अपनी पत्नी ममता के साथ शहर में रहता है. ममता का किरदार तमन्ना भाटिया ने निभाया है. दोनों लंबे समय से माता-पिता बनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कामयाब नहीं हो पाते. छठ पूजा के मौके पर दोनों अपने पुश्तैनी गांव पहुंचते हैं. यहां ऋषि का सामना ऐसी मान्यताओं से होता है, जिन्हें वह शुरुआत में अंधविश्वास मानता है.
गांव के पास मौजूद जंगल में सूर्यास्त के बाद जाना मना है. स्थानीय लोगों का मानना है कि जंगल में वन देवी का वास है और इस जगह के साथ छेड़छाड़ करना भारी पड़ सकता है. कहानी में विकास और प्रकृति का टकराव भी देखने को मिलता है. जब जंगल का कुछ हिस्सा काटकर रास्ता बनाने की कोशिश होती है और ऋषि भी जंगल में प्रवेश करता है, तो उसके सामने ऐसे रहस्य खुलने लगते हैं, जिन पर वह पहले विश्वास नहीं करता था. फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना के साथ सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनूप सोनी और श्वेता तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं.
अब बात नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ की करें तो, 24 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में अच्छी कमाई की है. सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने चौथे दिन यानी Sunday को 15.70 करोड़ रुपए की नेट कमाई की. इसके साथ India में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 92.10 करोड़ रुपए हो गया है. यानी फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए के करीब पहुंच गया है.
फिल्म के पहले चार दिनों के कलेक्शन पर नजर डालें तो ‘द पैराडाइज’ ने पहले दिन 34.65 करोड़ रुपए की नेट कमाई की थी. दूसरे दिन फिल्म ने 14.90 करोड़ रुपए कमाए. तीसरे दिन इसकी कमाई 15.25 करोड़ रुपए रही. चौथे दिन यानी Sunday को फिल्म ने 15.70 करोड़ रुपए का बिजनेस किया. इस तरह चार दिनों में India में इसका कुल नेट कलेक्शन 92.10 करोड़ रुपए पहुंच गया. फिल्म का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 138.25 करोड़ रुपए बताया जा रहा है.
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी ‘द पैराडाइज’ की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि में है. यहां ‘पैराडाइज’ नाम की एक बस्ती में सावरी कम्युनिटी बेहद मुश्किल हालात में रहती है. नानी ने जदल का किरदार निभाया है, जो लंबे समय बाद जेल से लौटता है. उसकी मां शमक्का का किरदार सोनाली कुलकर्णी ने निभाया है. मां के साथ हुए अपमान को देखने के बाद जदल के अंदर सालों से दबा गुस्सा बाहर आता है और उसकी निजी बदले की लड़ाई धीरे-धीरे पूरे समुदाय के हक, पहचान और सम्मान की लड़ाई बन जाती है.
–
पीके/एएस